
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून के सफल आयोजन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। जिलाधिकारी के निर्देशन में आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा ने जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर , उपकेन्द्र अन्य संचालित चिकित्सालयों में योग दिवस कार्यक्रमों का व्यापक आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि योग केवल एक दिवस का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का प्रभावी माध्यम है। योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों, आशा, एएनएम तथा विभागीय कर्मचारियों से कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
डॉ. वर्मा ने बताया कि जनपद में आयुष विभाग के समन्वय से योग प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी योग के प्रति जागरूक करते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम की सभी तैयारियां भी पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, ध्वनि विस्तारक यंत्र तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय पर उपस्थित होकर सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम स्थलों पर स्वच्छता, समयबद्धता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने वाले लोगों की संख्या एवं कार्यक्रमों की फोटोग्राफ निर्धारित पोर्टल एवं आयुष कवच ऐप पर अपलोड की जाएं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों के साथ योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लें तथा नियमित योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि “योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवन का आधार है। आइए, हम सभी मिलकर योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें।”
सीएमओ ने बताया कि जनपद के समस्त स्वास्थ्य संस्थानों को योग दिवस कार्यक्रमों के सफल एवं गरिमापूर्ण आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


