
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : आगामी श्रावण मास यात्रा 2026 की तैयारियों एवं कांवड़ यात्रियों तथा शिवभक्तों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर श्री नाथ नगरी सेवा समिति के शिष्टमंडल ने जिलाधिकारी महोदय से शिष्टाचार भेंट कर विस्तृत चर्चा की।
शिष्टमंडल ने श्रावण यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों को गड्ढामुक्त कराने, नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, सुचारु यातायात संचालन तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किए जाने का अनुरोध किया। समिति ने कहा कि श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु एवं कांवड़ यात्री बरेली के प्रमुख शिवालयों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं, इसलिए सभी व्यवस्थाएं पूर्व से ही पूर्ण कर ली जानी चाहिए।
समिति ने रामगंगा स्थित श्री नाथ नगरी सेवा समिति के कांवड़ सेवा शिविर में प्रशासन की ओर से चिकित्सक, दवाईयाँ, शुद्ध पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी लिखित मांग जिलाधिकारी महोदय के समक्ष रखी।
जिलाधिकारी महोदय ने समिति द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता कांवड़ यात्रियों एवं शिवभक्तों को सुरक्षित, सुचारु और सुविधापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना है तथा श्रावण यात्रा 2026 की सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कराई जाएंगी।
श्री नाथ नगरी सेवा समिति ने जिलाधिकारी महोदय का सकारात्मक आश्वासन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि प्रशासन के सहयोग से इस वर्ष की श्रावण यात्रा अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगी।
समिति के संस्थापक सोनू भईया,श्रवण गुप्ता, बंटी ठाकुर,सुधीर श्रोत्रिय एवं शोभित अग्रवाल उपस्थित रहे।


