
(पंजाब) फिरोजपुर 21 जुलाई [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]=
हारमनी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, फिरोज़पुर में नए शैक्षणिक सत्र के छात्रों के स्वागत के लिए एक भव्य फ्रेशर्स पार्टी 'युफोरिया'(EUPHORIA-2026) का आयोजन किया गया। यह शानदार समारोह कॉलेज के चेयरमैन श्री धर्मपाल बंसल, डायरेक्टर श्री योगेश बंसल और प्रिंसिपल डॉ. मोहिंदरपाल सिंह के कुशल मार्गदर्शन एवं गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत भारतीय संस्कृति के अनुसार ईश्वर के आशीर्वाद और गणेश वंदना के साथ दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके उपरांत, कॉलेज के सीनियर छात्रों ने नए आए छात्र-छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत किया।
समारोह में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विशेष रूप से छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए पारंपरिक भांगड़ा और लोक नृत्यों ने समां बांध दिया और पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इसके अलावा नए छात्रों के लिए ‘मिस्टर एंड मिस फ्रेशर’ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्रों ने रैंप वॉक और अपनी प्रतिभा से सबका दिल जीत लिया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मोहिंदरपाल सिंह ने नए छात्रों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें चिकित्सा के क्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। चेयरमैन श्री धर्मपाल बंसल और डायरेक्टर श्री योगेश बंसल ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कॉलेज की परंपराओं और अनुशासन को बनाए रखने की बात कही।
सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच आपसी सौहार्द बढ़ाने वाला यह आयोजन बेहद सफल और यादगार रहा। अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित किया गया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


