
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत के ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति और गबन-भ्रष्टाचार की शिकायत पर राज्यपाल के निर्देश पर जांच शुरू हो गई। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के विशेष सचिव ने नगर विकास के प्रमुख सचिव को मामले की जांच कर कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
भाजपा नेता आशीष अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने दिसंबर माह में ईओ पुष्पेंद्र सिंह राठौर के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में सैफनी और फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत में गबन, भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया गया था। राज्यपाल कार्यालय के विशेष सचिव ने इस पर संज्ञान लेते हुए प्रमुख सचिव, नगर विकास को जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भेजे हैं। इसकी सूचना आशीष अग्रवाल को भी दी गई है।
बता दे कस्बे में अतिक्रमण हटाने के नाम पर व्यापारी नेता राहुल गुप्ता की दुकान के आगे तोड़फोड़ के मामले में ईओ और व्यापारी के समर्थन में पहुंचे भाजपा नेता आशीष अग्रवाल के बीच तनातनी थमने का नाम नहीं ले रही है।दिसंबर माह में आशीष अग्रवाल ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने और तत्कालीन नगरपंचायत सैफनी और स्थानीय नगर पंचायत में भ्रष्टाचार की शिकायत राज्यपाल से की थी।


