
आजमगढ़ में GNRF का विशाल रक्तदान शिविर 30 अगस्त को; डॉ. शराफत ने बताए रक्तदान के फायदे
आजमगढ़:
दावते इस्लामी इंडिया के सोशल वेलफेयर विंग GNRF (गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन) की ओर से स्वतंत्रता दिवस और पैगंबर मोहम्मद ﷺ के जश्ने विलादत के मुबारक मौके पर एक विशाल रक्तदान शिविर (Blood Donation Camp) का आयोजन किया जा रहा है। फाउंडेशन की ओर से देश भर में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत आजमगढ़ में भी लोग बढ़-चढ़कर रक्तदान कर सकेंगे।
शिविर की मुख्य जानकारियां:
- आयोजक: गरीब नवाज रिलीफ फाउंडेशन (GNRF)
- तिथि: 30 अगस्त 2026 (रविवार)
- समय: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक
- स्थान: जिला अस्पताल (सदर अस्पताल), बलरामपुर, हर्रा की चुंगी, सदर, आजमगढ़
रक्तदान से होते हैं कई स्वास्थ्य लाभ
GNRF के डिविजनल मैनेजर डॉ. शराफत तौहीद अत्तारी ने बताया कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि दाताओं को भी कई चिकित्सीय लाभ मिलते हैं। इससे हृदय रोग और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा कम होता है, कोलेस्ट्रॉल और वजन नियंत्रित रहता है, शरीर में नई ब्लड सेल्स बनती हैं और मानसिक सुकून मिलता है।
रक्तदाताओं के लिए जरूरी सलाह
डॉ. शराफत ने अपील की है कि लोग खाली पेट रक्तदान न करें। शिविर में आने से पहले अच्छी तरह नाश्ता करें और पर्याप्त पानी पीकर आएं। रक्तदान के बाद जूस या एनर्जी ड्रिंक का सेवन जरूर करें।
समाज सेवा में तत्पर है GNRF
गौरतलब है कि GNRF केवल रक्तदान ही नहीं, बल्कि अस्पतालों में फल वितरण, रमजान में राशन सामग्री बांटना, सर्दियों में कंबल वितरण और बाढ़ व आपदा के समय देश भर में राहत कार्य जैसे कई सामाजिक व जनकल्याणकारी कार्य कर रही है। आयोजकों ने आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है।

