सीएमओ के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई: फर्जी अस्पतालों पर छापा, ओटी सीज, नोटिस जारी, मरीज शिफ्ट

आजमगढ़।
जनपद में अवैध एवं फर्जी चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तरवां एवं मेहनगर क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के निर्देश पर डिप्टी सीएमओ/नोडल निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और क्लीनिकों में हड़कंप मच गया।
छापेमारी के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। प्रिया हेल्थ केयर सेंटर (तरवां) में अयोग्य चिकित्सक द्वारा संचालन पाए जाने पर उसका ऑपरेशन थिएटर तत्काल सीज कर दिया गया। बीएन मेडिकल स्टोर (मेहनगर) में मेडिकल स्टोर की आड़ में नर्सिंग होम संचालित करते पाए जाने पर ओटी को सीज किया गया। शांति हड्डी अस्पताल/न्यू लाइफ हड्डी अस्पताल (मेहनगर) में गंभीर खामियां मिलने पर पूरे संस्थान को सीज कर दिया गया। नित्या क्लिनिक (मेहनगर) में वार्ड एवं ओटी संचालन में कमियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया, जबकि विष्णु ऑर्थो केयर सेंटर (मेहनगर) में भ्रामक बोर्ड लगाकर इलाज किए जाने पर संचालक को नोटिस दिया गया। जी खान अस्पताल (मेहनगर) में निरीक्षण के दौरान चिकित्सक अनुपस्थित पाए जाने पर तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया गया है तथा स्वामी हड्डी अस्पताल (मेहनगर) को आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत न करने पर नोटिस जारी किया गया है।
कार्रवाई के दौरान जिन चिकित्सा केंद्रों पर मरीज भर्ती पाए गए, उन्हें तत्काल सरकारी अस्पतालों में स्थानांतरित कराया गया, ताकि उनके उपचार में कोई बाधा न आए।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना पंजीकरण एवं बिना योग्य चिकित्सक के चिकित्सा कार्य करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी और किसी भी स्थिति में ऐसे संस्थानों को बख्शा नहीं जाएगा।
(डाॅ. एन. आर. वर्मा)
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़




