
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 20 जून : जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के युवा प्रदेश अध्यक्ष श्री दिग्विजय सिंह चौटाला द्वारा चलाए जा रहे “जन-जन अभियान” के तहत कुरुक्षेत्र के चारों हलकों में किया गया व्यापक दौरा क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बना रहा। इस अभियान के माध्यम से उन्होंने सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना और समाधान के लिए आश्वस्त किया।
दौरे के दौरान श्री चौटाला ने हल्का लाडवा, पिहोवा, थानेसर और शाहबाद में विभिन्न कार्यक्रमों, जनसभाओं और बैठकों के माध्यम से आमजन, व्यापारियों, किसानों, युवाओं और बुजुर्गों से संवाद स्थापित किया। हर वर्ग से मिले अपार समर्थन और स्नेह ने यह स्पष्ट कर दिया कि जनता बदलाव के लिए तैयार है और जेजेपी के प्रति विश्वास लगातार बढ़ रहा है।
इस दौरान युवा जेजेपी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. जसविंदर खैहरा ने कहा कि श्री दिग्विजय सिंह चौटाला का यह दौरा संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि इस जन-जन अभियान के माध्यम से पार्टी को जमीनी स्तर पर नई मजबूती मिली है और कार्यकर्ताओं में नया जोश व उत्साह देखने को मिला है। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और शहर-शहर पहुंचकर अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर मेहनत की। संगठन के पदाधिकारियों ने भी समर्पण और मेहनत के साथ इस जन-जन अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि इससे न केवल कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह पैदा हुआ, बल्कि बड़ी संख्या में नए लोग भी पार्टी की विचारधारा से जुड़ते नजर आए। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत कर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
श्री दिग्विजय सिंह चौटाला ने अपने संबोधन में कहा कि जन-जन अभियान का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की आवाज़ को समझना और उसे मजबूती देना है। उन्होंने कहा कि जेजेपी हमेशा युवाओं, किसानों और आम जनता के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है और आगे भी उनकी उम्मीदों पर खरा उतरने का काम करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना ही पार्टी की प्राथमिकता है, और इसी उद्देश्य के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कुरुक्षेत्र के चारों हलकों में इस सफल दौरे ने यह साबित कर दिया कि जेजेपी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और आने वाले समय में यह अभियान संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


