Uncategorized

भारतीय नव वर्ष भव्य संस्कृति व सभ्यता का स्वर्ण दिवस–साध्वी मयंका भारती

भारतीय नव वर्ष भव्य संस्कृति व सभ्यता का स्वर्ण दिवस–साध्वी मयंका भारती

(पंजाब) फिरोजपुर 30 मार्च {कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता}=

दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान द्वारा भारतीय नव वर्ष के उपलक्ष्य में टुटू,शिमला में भजन संकीर्तन एवं सत्संग प्रवचनों का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी मयंका भारती जी ने अपने प्रवचनो में कहा कि भारतीय कैलेंडर के अनुसार जिस दिन सृष्टि का आरम्भ हुआ, उसे ही नववर्ष के प्रथम दिवस के रूप में स्वीकार किया गया। इसका अनुसरण करते हुए- महाराजा विक्रमादित्य ने 2082 वर्ष पूर्व एक कैलेंडर की शुरुआत की, ताकि हम अपनी भारतीय तिथियों, महीनों व वर्षों से परिचित रहें। इस विक्रमी संवत्‌ के हिसाब से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को भारतीय नववर्ष का पहला दिवस स्वीकार किया गया।
भारतीय संवत् के अनुसार चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर नवीनता की छटा अपने आप ही प्रत्यक्ष हो जाती है। एक नहीं, अनेक युक्तियाँ इस दिन को वर्ष का पहला दिवस घोषित करती हैं। चैत्र शुक्ल को सर्वप्रिय, सर्वश्रेष्ठ ऋतुराज का पूरी प्रकृति पर राज हो जाता है। उजले दिन बड़े और अंधेरी रातें छोटी हो जाती हैं। इसी के साथ प्रकृति का कण-कण, नव उमंग, उल्लास और प्रेरणा के संग, अंगड़ाई भर उठता है। यह चेतना, यह जागना, यह गति- यही तो नववर्ष के साक्षी हैं!
वैसे भी देखा जाए, तो चैत्र नक्षत्र के चमकते ही कश्मीर से लेकर केरल तक, उत्सवों के नगाड़े बज उठते हैं। जैसे- जम्मू-कश्मीर में ‘नौरोज’ या ‘नवरेह’, पंजाब में ‘वैशाखी’, महाराष्ट्र में ‘गुड़ी पड़वा’, आंध्र प्रदेश में ‘युगादि’, सिंधी में ‘चेतीचंड’, केरल में ‘विशु’, असम में ‘रोंगली बिहू’, बंगाल में ‘पोयला बैशाख’, तमिलनाडु में ‘पुठन्डु’- ये सभी उत्सव भारत की सामाजिक चेतना को अपनी थाप पर थिरकाते हैं। ये एक प्रकार से नववर्ष के ही सूचक होते हैं। इसी दिन नवरात्रों का भी शुभारम्भ होता है और भारत भर में माँ जगदम्बा के जयकारे गूँज उठते हैं। अतः चैत्र शुक्ल पर ही भारत की सामाजिक चेतना नववर्ष में प्रवेश करती है।

चैत्र शुक्ल प्रतिपदा को ‘शुभ मुहूर्त’ इसलिए भी माना जाता है, क्योंकि इस दिन नक्षत्रों की दशा, स्थिति और प्रभाव उत्तम होता है। गणेश्यामल तंत्र के अनुसार पृथ्वी पर नक्षत्रलोक से चार प्रकार की तरंगें गिरती रहती हैं- यम, सूर्य, प्रजापति और संयुक्त। चैत्र शुक्ल को विशेष रूप से प्रजापति और सूर्य नामक तरंगों की बरखा होती है। ये सूक्ष्म तरंगें अध्यात्म बल की बहुत धनी और उत्थानकारी हुआ करती हैं। अतः यदि इस शुभ घड़ी में सुसंकल्पों के साथ नए साल में कदम रखा जाए।
साध्वी गार्गी भारती और साध्वी बिन्दु भारती जी ने सुमधुर भजनों का गायन किया और सभी भगतों को भारतीय नव वर्ष की बधाई दी।इस अवसर पर संस्थान द्वारा प्रकाशित पुस्तक “नववर्ष का उत्सव कब और क्यों” वितरित की गई जिससे युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझ सके।
इस अवसर पर पार्षद टुटू मोनिका भारद्वाज,एडवोकेट हाई कोर्ट योगेन्द्रपाल, प्रधान कामनापूर्णी गौशाला सुरेन्द्र ठाकुर विशेष रूप से शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel