
एडी हेल्थ एवं सीएमओ का सम्मान, चिकित्सकों का अभिनंदन, 107वाँ रक्तदान, वृक्षारोपण, डायलिसिस सहयोग एवं पोलियो अभियान को मिला नया संबल
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब ग्लोरी प्लस द्वारा सेवा, सम्मान एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से परिपूर्ण विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट डॉ. मधु गुप्ता एवं क्लब सदस्य डॉ. रितिका भारद्वाज द्वारा अपर निदेशक स्वास्थ्य, बरेली मंडल, डॉ. सीमा अग्रवाल तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बरेली, डॉ. विश्राम सिंह का सम्मान कर किया गया। इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान एवं जनसेवा के प्रति समर्पण के लिए उन्हें सम्मानित किया गया।
इसके उपरांत क्लब द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. रितिका भारद्वाज, डॉ. मोनिका गुप्ता एवं डॉ. रीता गुप्ता का भी सम्मान कर उनके समर्पण एवं समाज सेवा के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर क्लब द्वारा वेदांता हॉस्पिटल एवं कपूर एस्टेट कॉलोनी में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में डॉ. मधु गुप्ता, डॉ. रितिका भारद्वाज, डॉ. मोनिका गुप्ता एवं डॉ. रीता गुप्ता ने स्वयं पौधारोपण किया। उनके साथ क्लब की सदस्याओं अफज़ा, अनीता वर्मा, सुनीता गुप्ता, रीना गुप्ता, डॉ. ममता पाराशर, वैशाली अग्रवाल, सुरभि, सचिन पाठक एवं दीपाली ने भी उत्साहपूर्वक पौधे लगाकर हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण का संकल्प लिया।
मानव सेवा की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए क्लब द्वारा जरूरतमंद मरीजों के डायलिसिस उपचार का प्रायोजन किया गया। साथ ही क्लब ने अपने सतत पोलियो उन्मूलन अभियान के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए इस जनहितकारी अभियान को निरंतर सहयोग प्रदान करने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की चार्टर प्रेसिडेंट डॉ. मधु गुप्ता, जो बरेली की प्रथम महिला शतकीय (100+) स्वैच्छिक रक्तदाता हैं, ने आज अपना 107वाँ स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया तथा समाज को नियमित स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
इस सफल आयोजन में वेदांता हॉस्पिटल के डॉ. विमल भारद्वाज का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा। क्लब ने उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग एवं सकारात्मक सहभागिता से सभी सेवा परियोजनाएँ सफलतापूर्वक संपन्न हो सकीं।
आईडब्ल्यूसी ग्लोरी प्लस द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम चिकित्सकों के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, डायलिसिस सहयोग, पोलियो उन्मूलन एवं मानव सेवा का प्रेरणादायी संगम रहा। क्लब भविष्य में भी समाजहित, जनस्वास्थ्य एवं जनकल्याण से जुड़े ऐसे सेवा कार्यों के माध्यम से अपने सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन निरंतर करता रहेगा।


