जग ज्योति दरबार में महाशिवरात्रि पर चल रहे अनुष्ठान में किया राजाधिराज महाकाल का आहवान

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
महंत राजेंद्र पुरी कर रहे हैं राजाधिराज महाकाल की भव्य पूजा आराधना।
कुरुक्षेत्र, 24 फरवरी : जग ज्योति दरबार में महाशिवरात्रि के महापर्व के अवसर पर महंत राजेंद्र पुरी द्वारा सर्वकल्याण की भावना से किए जा रहे चार दिवसीय विशेष अनुष्ठान में सोमवार को भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करने के साथ ही राजाधिराज महाकाल का आहवान कर भव्य पूजा आराधना की गई। महंत राजेंद्र पुरी ने बताया कि महाशिवरात्रि पर भगवान महाकाल की पूजा अर्चना का विशेष महत्व है। इसी लिए जग ज्योति दरबार में महाशिवरात्रि के अवसर पर चार दिवसीय अनुष्ठान के चलते निरंतर हवन यज्ञ किया जा रहा है। साथ ही उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की तर्ज पर पूजा की जा रही है। इसी पूजा में राजाधिराज महाकाल का आहवान किया गया। उन्होंने बताया कि महाशिवरात्रि पर भस्म आरती, पंचामृत अभिषेक, शाही सवारी और महाशिवरात्रि की विशेष सर्वकल्याण पूजा प्रमुख हैं। महंत राजेंद्र पुरी ने कहा कि भगवान शिव को समर्पित महाशिवरात्रि शिव भक्तों का महापर्व है। महाशिवरात्रि के विशेष पूजन के चलते प्रतिदिन एक एक रस्म को निभाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि पर भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ। इसी कारण यह पर्व शिव भक्तों के लिए बहुत महत्व रखता है। ऐसे में महादेव की उपासना को लेकर भक्त अति उत्साहित होते हैं। इस अवसर पर आरती के उपरांत प्रसाद वितरित किया गया। आरती में कुलभूषण शर्मा, हरभगवान शर्मा, रिशु शर्मा, दीपक भारद्वाज, राजेश्वरी, कुलवंत सिंह, अजय राठी, विजय राठी व मनप्रीत सिंह इत्यादि भी मौजूद रहे।
महंत राजेंद्र पुरी अनुष्ठान करते हुए।