श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर में प्रतिदिन हो रहा है पूजन एवं अनुष्ठान

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
महाशिवरात्रि से पहले भगवान शिव की शादी की रस्मों के अनुसार कर रहे हैं पूजन।
कुरुक्षेत्र,19 फरवरी : मारकंडा नदी के तट पर श्री मारकंडेश्वर महादेव मंदिर ठसका मीरां जी में महाशिवरात्रि के पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। अखिल भारतीय श्री मारकंडेश्वर जन सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत जगन्नाथ पुरी ने कहा कि मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव और पार्वती का विवाह भी हुआ था। महाशिवरात्रि को लेकर हर शिव भक्त में एक अलग ही उत्साह है। अभी से शिव भक्तों ने महाशिवरात्रि से 9 दिन पहले से शादी की रस्मों के अनुसार पूजन व अनुष्ठान प्रारंभ कर दिए हैं। मंदिर में भगवान शिव की शादी से पहले की रस्मों को श्रद्धालुओं द्वारा यजमान के तौर पर निभाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बुधवार को कपिल मित्तल द्वारा परिजनों के साथ पूजन कर विशेष अभिषेक किया गया। महंत जगन्नाथ पुरी ने कहा कि महाशिवरात्रि से पूर्व हल्दी की रस्म विशेष आकर्षण का केंद्र होगी। इस रस्म में भगवान शिव को सबसे पहले हल्दी और तेल का लेपन और तिलक किया जाएगा। इसके बाद उन्हें स्नान करवाकर कर नए वस्त्र धारण करवाए जाएंगे। उन्हें पीले ही फूलों से सजाया जाएगा। हल्दी की रस्म के बाद मंदिर में भगवान शिव का संगीत भी होगा। इसमें शिव भक्तों द्वारा भजन गाकर भगवान शिव की संगीत रस्म को निभाया जाएगा। इस अवसर पर स्वामी पृथ्वी पुरी, स्वामी संतोषानंद, कृष्ण कुमार, आस्था पुरी, शिवम पुरी, गुलाब सिंह, बिल्लू पुजारी, नाजर सिंह व दीप चंद इत्यादि भी मौजूद रहे।
महंत जगन्नाथ पुरी।