मेडिकल के छात्रों हेतु विशेष कैरियर काउंसलिंग सत्र

डॉ. प्रेरणा अग्रवाल ने गुरुकुल के छात्रों को एक सफल डॉक्टर बनने के टिप्स दिये।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 7 अगस्तः गुरुकुल में मेडिकल स्ट्रीम के छात्रों के लिए एक विशेष कैरियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया, इसका उद्देश्य छात्रों को मेडिकल क्षेत्र में कैरियर विकल्पों की स्पष्ट जानकारी देना और उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान करना था। विशेष सत्र में प्रेरणा डायग्नोटिक सेंटर से डॉ. प्रेरणा अग्रवाल मुख्य वक्ता रहीं जिनके मार्गदर्शन में यह सत्र अत्यंत सफल और प्रेरणादायक रहा।
डॉ. प्रेरणा अग्रवाल ने अपने संबोधन में न केवल मेडिकल क्षेत्र की संभावनाओं पर प्रकाश डाला, बल्कि इस क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों और उनके समाधान के बारे में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों को बताया कि एक अच्छा डॉक्टर बनने के लिए केवल अकादमिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, धैर्य और मानवीय दृष्टिकोण भी आवश्यक है। उन्होंने प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों में प्रवेश के लिए तैयारी के विभिन्न चरणों, प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीतियों तथा समय प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सुझाव दिए।
डॉ. अग्रवाल ने कहा, “आप सभी में अपार संभावनाएं हैं। यदि आप दृढ़ निश्चय, अनुशासन और लगन के साथ प्रयास करें, तो आप न केवल एक सफल डॉक्टर बन सकते हैं, बल्कि समाज की सेवा करने वाले सच्चे मानव भी बन सकते हैं।“
गुरुकुल के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार ने डॉ. अग्रवाल का विद्यालय में पहुंचने और छात्रों को मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अग्रवाल का अनुभव और उनके द्वारा विशेष सत्र में कहा गया एक-एक शब्द निश्चित ही हमारे छात्रों के जीवन में प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
अंत में एक इंटरएक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने मेडिकल क्षेत्र से संबंधित अपने सवाल पूछे और डॉ. अग्रवाल ने उन्हें विस्तृत उत्तरों के माध्यम से संतुष्ट किया। छात्रों में इस सत्र को लेकर काफी उत्साह देखा गया और उन्होंने इसे अत्यंत लाभदायक बताया।
यह कैरियर काउंसलिंग सत्र न केवल छात्रों को जानकारी प्रदान करने का माध्यम बना, बल्कि उनके भीतर आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता भी बढ़ाने वाला रहा। गुरुकुल कुरुक्षेत्र द्वारा इस प्रकार की शैक्षिक पहलों की सराहना की जा रही है, जो विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध हो रही हैं।




