Uncategorized
श्री गणेश चतुर्थी पर भगवान परशुराम मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम

फिरोजपुर के कई मंदिरों में हुए मंगलवार के दिन भगवान श्री हनुमान जी चालीसा के सामूहिक पाठ
(पंजाब) फिरोजपुर 07 जनवरी 2026 [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]=
श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर नमक मंडी स्थित भगवान परशुराम मंदिर में श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री गणेश वंदना, आरती तथा श्री हनुमान चालीसा, संकट मोचन और बजरंग बाण के पाठ का सामूहिक रूप से आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री गणेश वंदना से हुई, जिसे राजेश वासुदेव, दीपक जोशी, प्रवेश कुमार एवं पंडित अनिल शुक्ला ने मधुर स्वर में प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा श्री गणेश की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी पंडित लेखराज त्रिपाठी और पंडित अरुण पांडे ने गणेश चतुर्थी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि भगवान श्री गणेश को विघ्नहर्ता कहा जाता है और उनकी पूजा से सभी बाधाएं दूर होती हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से जीवन में सत्य, सदाचार और सेवा के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
पंडित नरेश शर्मा प्रधान ने सभी सनातनियों को भगवान श्री हनुमान जी के पाठ करने की प्रेरणा दी क्योंकि श्री हनुमान जी रिद्धि सिद्धि के दाता हैं। उनकी पूजा से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक सनातनी के घर में जोत बत्ती, सुबह-शाम आरती, ईश्वर का गुणगान जरूर होना चाहिए।
कार्यक्रम में सभा के चेयरमैन अरुण मच्छराल, संरक्षक पी.डी. शर्मा, संरक्षक परमवीर शर्मा, एडवाइजर कैलाश शर्मा, मठ मंदिर प्रमुख जिला फिरोजपुर, कोषाध्यक्ष सूरज शर्मा एवं श्याम गोपाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने श्रद्धापूर्वक श्री हनुमान चालीसा, संकट मोचन एवं बजरंग बाण का पाठ किया। सामूहिक पाठ से पूरा मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति रस से गूंज उठा।
फिरोजपुर में श्री सनातन धर्म महावीर दल मंदिर, श्री राधा कृष्ण मंदिर हनुमान धाम, प्राचीन श्री राधा कृष्ण मंदिर, प्राचीन श्री शिवालय मंदिर, श्री निर्धन निकेतन मंदिर में भी प्रत्येक मंगलवार के दिन श्री हनुमान जी चालीसा के पाठ निरंतरण जारी है।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने वाला बताया।




