Uncategorized

बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की बड़ी पहल: 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान

बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की बड़ी पहल: 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान

 जनपद में प्रस्तावित ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीन अभियान के सफल संचालन के लिए गुरुवार को जिला स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें जनपद के समस्त अधीक्षक प्रभारी बीसीपीएम एवं एआरओ एचईओ सहित सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को अभियान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं।
     कार्यशाला में JSI संस्था के टेक्निकल मैनेजर श्री संदीप श्रीवास्तव ने स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से एचपीवी वैक्सीन, उसके लाभ, टीकाकरण की प्रक्रिया तथा सुरक्षा मानकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी है।
   इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार जनपद में 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन बालिकाओं का 14वां जन्मदिन पूरा हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है, वे इस अभियान के अंतर्गत टीकाकरण के लिए पात्र हैं। यह विशेष अभियान तीन माह (90 दिन) तक चलेगा और इस दौरान टीका जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर उपलब्ध रहेगा।
 जिला प्रतिरक्षण अधिकारी / अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल अजीज़ ने बताया कि टीकाकरण सत्र सामान्यतः सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किए जाएंगे तथा टीकाकरण के बाद बालिका को कुछ समय तक निगरानी में रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि टीकाकरण यू-विन डिजिटल पोर्टल पर दर्ज किया जाएगा तथा इसके लिए अभिभावक की सहमति और बालिका का आयु प्रमाण आवश्यक होगा।
     कार्यशाला में एसीएमओ (आरसीएच) डॉ. उमाशरण पाण्डेय, डिप्टी सीएमओ , डाॅ अरविंद चौधरी, डॉ. अविनाश झा, डीपीएमयू से डीसीपीएम विपिन बिहारी पाठक, प्रभारी प्रचार प्रसार मनीष तिवारी , यूनिसेफ के आरसी, डीएमसी यूनिसेफ श्री गुफरान तथा यूएनडीपी से सुश्री पूनम शुक्ला सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
    सीएमओ ने जनपद के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं।

                                   (डाॅ एन आर वर्मा)
                               मुख्य चिकित्साधिकारी 
                                      आजमगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel