
संवाददाता राजकुमार जायसवाल
बिलरियागंज। अंबेडकर जयंती को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को स्थानीय थाना परिसर में पीस कमेटी की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने की। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे ने बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि अंबेडकर जयंती का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिया कि सभी जुलूस केवल तय मार्ग और निर्धारित स्थान से ही निकाले जाएं तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत बिल्कुल न की जाए। नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बैठक के दौरान मौजूद लोगों ने अपने-अपने कार्यक्रमों और जुलूस मार्गों की जानकारी साझा की और प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग करेंगे।
इस मौके पर उपनिरीक्षक योगेंद्र पाल, पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र विश्वकर्मा, अजय कुमार, दीपक कुशवाहा, अमरजीत, दीपू सहित अन्य कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे


