
किसान नेता डॉ. हरीश गंगवार ने बरेली मण्डल आयुक्त एवं जिलाधिकारी से मुलाकात की
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : किसान न्याय सत्याग्रह समिति के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. हरीश गंगवार ने बरेली मण्डल आयुक्त महोदय एवं जिलाधिकारी बरेली से मुलाकात कर असंवैधानिक हाउस अरेस्ट की शिकायत दर्ज कराई।
मुलाकात में डॉ. गंगवार ने पूरे घटनाक्रम से आयुक्त महोदय को अवगत कराया। मा. आयुक्त ने बदायूं के बगरैन गोदाम में चार हजार किसानों के लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य के गेहूँ-धान-बीज की लूट की जांच रिपोर्ट पर प्रगति जानने के लिए अपने पेस्कार को जिलाधिकारी, बदायूं से तुरंत रिपोर्ट मंगाने के निर्देश दिए।
इसी दौरान जिलाधिकारी, बरेली ने डॉ. गंगवार पर लगाए गए हाउस अरेस्ट के मामले में SSP बरेली को जांच के निर्देश दिए।
डॉ. गंगवार ने बताया कि बिना लिखित आदेश, सुनवाई या उचित कारण के उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया गया है।
उन्होने कहा कि हम दोबारा से 20 अप्रैल 2026 को महात्मा गांधी की प्रेरणा स्थल राजघाट (दिल्ली) तक प्रस्तावित शांतिपूर्ण अहिंसक पद यात्रा शुरू करने जा रहे है।
यात्रा के मुख्य उद्देश्य (तीन सूत्री मांगें):
- चार हजार किसानों का 10 हजार कुंतल गेहूँ-धान-बीज की लूट: आर्यधन/आर्य एजी कंपनियों पर सख्त कानूनी कार्यवाही तथा 4 करोड़ रुपये व्याज व मुआवजा सहित तुरंत भुगतान।
- एमएसपी की कानूनी गारंटी तथा संपूर्ण किसान कर्ज माफी।
- भारत-अमेरिकी ट्रेड डील का किसान हित में स्वतंत्र एवं पारदर्शी मूल्यांकन।
डॉ. गंगवार ने कहा कि यह यात्रा महात्मा गांधी के अहिंसा, सत्य एवं सत्याग्रह तथा बाबा साहेब अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर शुरू हो रही थी लेकिन प्रशासन ने हमे हाउस अरेस्ट कर लिया था संविधान के अनुच्छेद 19 एवं 21 के तहत आवागमन व शांतिपूर्ण सभा का मौलिक अधिकार किसी से छीना नहीं जा सकता।
भारतीय किसान यूनियन (असली) के जिलाध्यक्ष श्री विपिन पटेल ने कहा कि किसानों की मेहनत की लूट पर तुरंत कार्रवाई हो।
उल्फत सिंह ने असंवैधानिक हाउस अरेस्ट को तत्काल समाप्त करने की मांग की।
अरविंद पटेल ने 20 अप्रैल को पद यात्रा को अनुमति व पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की ।
किसान न्याय सत्याग्रह समिति प्रशासन से तत्काल लिखित जवाब की प्रतीक्षा कर रही है।


