
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 21 अप्रैल : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा के आदेशानुसार व सिविल सर्जन के मार्गदर्शन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मथाना में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुदेश कुमार सहोता सामु0 स्वा0 केन्द्र मथाना की अध्यक्षता में मनाया गया। ग्राम पंचायत मथाना से सरपंच प्रतिनिधि रवि कुमार ने मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और उपस्थित बच्चों को पेट के कीड़ों की गोली खिलाई।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. सुदेश कुमार सहोता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय समय पर बीमारियों से बचाव के लिए कार्यक्रम आयोजित किए जाते है। आज भारत सरकार की तरफ से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चो के पेट की आंतों में पनपने वाले स्वास्थ्य के लिए हानिकारक कीड़ों को खत्म करना है, क्योंकि ये कीड़े भोजन में उपस्थित पोषक तत्वों को शरीर में अवशोषित नहीं होने देते जिससे बच्चों में एनीमिया व रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। बच्चो का मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य खराब हो जाता है।
सरपंच प्रतिनिधि रवि कुमार ने बच्चों को कहा कि स्वस्थ विद्यार्थी भविष्य में स्वस्थ राष्ट्र का निमार्ण करते है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाये जा रहे इस तरह के कार्यक्रमों का भरपूर लाभ उठाएं और समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करे।
इस मौके पर ग्रांम पंचायत सदस्य, विद्यालय के अध्यापक गण और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मथाना की तरफ से डॉ. दीपक चिकित्सा अधिकारी, डा. सिन्धु बाला डेन्टल सर्जन, हेल्थ इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार व हेल्थ सुपरवाईजर कृष्णा देवी, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुषमा देवी और गांव की आशा वर्कर के साथ गांव के अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


