
बिलरियागंज। स्थानीय बाजार में सोमवार को महिला आरक्षण के समर्थन में महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए विरोधियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। भाजपा मंडल अध्यक्ष बिलरियागंज रुद्र प्रकाश राय की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और रैली निकालकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
रैली बिलरियागंज बाजार के नये चौक से प्रारम्भ हुई, जहां भारी संख्या में महिलाएं और भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए। हाथों में तिरंगा झंडा और नारों से लिखी तख्तियां लिए महिलाओं ने महिला आरक्षण का विरोध करने वालों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रैली नये चौक से होते हुए पूरे बाजार क्षेत्र में भ्रमण करती हुई अंततः विकासखंड बिलरियागंज परिसर में समाप्त हुई। वहां आयोजित सभा में महिलाओं ने अपने अधिकारों और मांगों को मजबूती से रखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य रामपाल सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिला आरक्षण महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इसका विरोध करना महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने जैसा है, जिसे महिलाएं कभी स्वीकार नहीं करेंगी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रकाश राय ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं, ऐसे में उन्हें उचित प्रतिनिधित्व मिलना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिला आरक्षण का विरोध करने वालों से देश की महिलाओं की ताकत को समझने की अपील की।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं और महिला सम्मान के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर रामसागर सिंह, गुड्डी पासवान, सूर्यभान सोनकर, श्रवण गुप्ता, मंजू सोनकर, आलोक गुप्ता, दिलीप गुप्ता, दयाशंकर यादव, सूर्य प्रकाश मिश्रा, चंद्रपाल सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।


