
सांसद नवीन जिन्दल के प्रयासों से अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव खोलेगा युवाओं के लिए नये द्वार : डॉ. मनीष मिश्रा।
सांसद नवीन जिन्दल की पहल पर अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव को सफल बनाने में मीडिया करे सहयोग : डॉ. मनीष मिश्रा।
प्रेस वार्ता में आगामी 4 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव का पोस्टर किया गया लॉन्च।
थानेसर कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 30 मई : नवीन जिन्दल फाउंडेशन की ओर से 4 जून 2026 को डॉ. बी.आर. अंबेडकर भवन, सेक्टर-8, कुरुक्षेत्र में आयोजित होने वाले “नवीन अवसर अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव” को लेकर आज कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी विस्तृत रूपरेखा साझा की गई। इस अवसर पर आगामी 4 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव का पोस्टर भी लांच किया गया।
इस अवसर पर नवीन जिन्दल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि यह रोजगार महोत्सव क्षेत्र के युवाओं को देश और विदेश में उपलब्ध रोजगार अवसरों से जोड़ने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सांसद नवीन जिन्दल के दूरदर्शी नेतृत्व, मार्गदर्शन और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के विज़न के अनुरूप किया जा रहा है।
डॉ. मिश्रा ने बताया कि रोजगार महोत्सव में स्वास्थ्य सेवाएं, लॉजिस्टिक्स, कंस्ट्रक्शन, आईटी, रिटेल, हॉस्पिटैलिटी, मैन्युफैक्चरिंग तथा ऑटोमोबाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, यूएई, कनाडा, ओमान, कतर, वियतनाम और अन्य देशों में रोजगार से संबंधित संभावनाओं की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि महोत्सव में भाग लेने वाले युवाओं की शैक्षणिक योग्यता, अनुभव और रुचि के आधार पर काउंसलिंग की जाएगी तथा उन्हें उपयुक्त रोजगार अवसरों के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। यह आयोजन केवल नौकरी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि युवाओं के कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डॉ. मनीष मिश्रा ने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस महत्त्वपूर्ण पहल की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं, अभिभावकों और रोजगार की तलाश कर रहे लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिकतम संख्या में लोग इस अवसर का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर नवीन जिन्दल फाउंडेशन से अभिषेक सहगल ने कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर की उपलब्धियों की जानकारी पत्रकारों के साथ साझा की। उन्होंने बताया कि केंद्र द्वारा अब तक हजारों युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ा गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अंतर्राष्ट्रीय रोजगार महोत्सव क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का एक प्रभावी और विश्वसनीय मंच सिद्ध होगा तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
उन्होंने बताया कि रोजगार महोत्सव 4 जून को प्रातः 10 बजे से सायं 5:30 बजे तक आयोजित होगा। इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह पूर्व आईएएस, भूषण मंगला संसदीय विकास अधिकारी, डॉ. राज कुमार, रोहित गुप्ता वाइस प्रेसिडेंट स्पोर्ट् एकेडमी, विनोद गर्ग सदस्य लोक कल्याण समिति और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


