
अवैध निर्माण में जेई व सुपरवाइजर पर संरक्षण देने का आरोप
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : थाना सुभाष नगर , थाना कोतवाली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण होने के आरोप सामने आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना मानचित्र स्वीकृति और निर्माण संबंधी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए कई स्थानों पर भवन निर्माण कार्य तेजी से जारी है। आरोप है कि इन निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की जिम्मेदारी निभाने वाले अधिकारियों की निष्क्रियता के कारण नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य नियमानुसार स्वीकृत मानचित्रों के आधार पर नहीं हो रहे हैं तो इससे राज्य सरकार को विकास शुल्क, मानचित्र स्वीकृति शुल्क तथा अन्य राजस्व मदों में नुकसान पहुंच सकता है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित निर्माण स्थलों की जांच कराई जाए और यह पता लगाया जाए कि निर्माण कार्य नियमानुसार स्वीकृत हैं या नहीं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद अवैध निर्माण कार्यों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे यह सवाल उठ रहा है कि आखिर जिम्मेदार विभागीय अधिकारी इन मामलों में गंभीरता क्यों नहीं दिखा रहे हैं।
क्षेत्र के लोगों ने बरेली विकास प्राधिकरण प्रशासन से मांग की है कि थाना सुभाष नगर क्षेत्र में चल रहे सभी संदिग्ध निर्माण कार्यों का सर्वे कराया जाए, बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही, यदि किसी अधिकारी की लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी कठोर कदम उठाए जाएं, ताकि सरकारी राजस्व की हानि रोकी जा सके और निर्माण नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके।
अगर कहीं गलत निर्माण अवैध निर्माण हो रहे हैं जांच करवाता हूं। विनोद कुमार एई बरेली विकास प्राधिकरण बरेली।


