
एम्बुलेंस चालक की मनमानी और वंश हॉस्पिटल द्वारा किया गया गलत इलाज से जान जोखिम में
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक साइकिल चालक के जीवन के साथ खिलवाड़ करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने फरीदपुर थाना प्रभारी को शिकायती पत्र देकर एक्सीडेंट करने वाले अज्ञात वाहन चालक, मनमानी करने वाले एम्बुलेंस चालक और गलत उपचार करने वाले वंश हॉस्पिटल के डॉक्टर अंशु अग्रवाल के। खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, मौके पर हुए अचेत
थाना बिथरी चैनपुर के ग्राम रसूइया निवासी रवि ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके पिता दौलत गत 5 जून 2026 को सुबह लगभग 5:00 बजे अपने घर से साइकिल द्वारा फरीदपुर जाने के लिए निकले थे। जब वह फरीदपुर स्थित खंडेलवाल एडिवल ऑयल्स फैक्ट्री के पास पहुँचे, तभी सुबह करीब 05:30 से 6:00 बजे के बीच पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह मौके पर ही बेहोश हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें फरीदपुर स्थित महेश चौधरी अस्पताल पहुँचाया गया।
एम्बुलेंस चालक की दबंगई: पीड़ित का फोन छीना, मर्जी के खिलाफ ले गया वंश हॉस्पिटल
अस्पताल पहुँचे पीड़ित रवि और परिजनों ने जब अपने मरीज की अत्यंत गंभीर स्थिति को देखा, तो वह उन्हें तुरंत बेहतर इलाज के लिए रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज (हायर सेंटर) ले जाना चाहते थे। आरोप है कि जब उन्होंने एम्बुलेंस चालक से बार-बार रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाने का अनुरोध किया, तो चालक ने उनकी एक न सुनी। विरोध करने पर एम्बुलेंस चालक ने पीड़ित रवि का मोबाइल फोन तक छीन कर अपने पास रख लिया और अपनी मनमानी व मिलीभगत के चलते गंभीर घायल उसके पिता को जबरन बरेली के वंश हॉस्पिटल ले गया।
वंश हॉस्पिटल पर गलत उपचार और जान जोखिम में डालने का आरोप
तहरीर के अनुसार, घायल व्यक्ति के पुत्र रवि द्वारा बताया गया। वंश हॉस्पिटल वालों ने उसके पिता को तुरंत ICU में वेंटिलेटर पर एडमिट कर इलाज शुरू कर दिया। इलाज के दौरान जब पीड़ित और परिजनों ने देखा कि उसके पिता की हालत सुधरने के बजाय लगातार और ज्यादा खराब होती जा रही है, तो उसने जबरन वंश हॉस्पिटल से उनकी छुट्टी (LAMA) कराई और उन्हें तुरंत रोहिलखंड अस्पताल में भर्ती कराया। रोहिलखंड अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा जांच करने पर पीड़ित परिवार को ज्ञात हुआ कि वंश हॉस्पिटल में घायल का गलत उपचार किया गया था, जिससे उनकी जान को और ज्यादा खतरा पैदा हो गया।
पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार, सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित रवि ने फरीदपुर पुलिस से करबद्ध प्रार्थना करते हुए तीन मुख्य बिंदुओं पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है:
एक्सीडेंट करने वाले अज्ञात वाहन व उसके चालक की खोज कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
प्रार्थी की मर्जी के खिलाफ जबरन दूसरे अस्पताल ले जाने वाले और फोन छीनने वाले दबंग एम्बुलेंस चालक के विरुद्ध सख्त कदम उठाया जाए।
घायल के जीवन के साथ खिलवाड़ करने वाले तथा गलत उपचार करने वाले वंश हॉस्पिटल के खिलाफ भी उचित कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने मामले की तहरीर लेकर घटना की जांच और आरोपियों के खिलाफ जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।


