
गुलजारी लाल नंदा का जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी और नैतिक मूल्यों का प्रतीक : प्रो. वीरेन्द्र पाल
गुलजारी लाल नंदा की 128वीं जयंती की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 25 जून : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल की अध्यक्षता में बुधवार को कमेटी रूम में श्री गुलजारी लाल नंदा सेंटर द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें भारत रत्न एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय गुलजारी लाल नंदा की 128वीं जयंती के उपलक्ष्य में 4 जुलाई को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां निर्धारित कीं। उन्होंने कहा कि गुलजारी लाल नंदा का जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी और नैतिक मूल्यों का प्रतीक है तथा विश्वविद्यालय उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
केन्द्र की निदेशिका प्रो. शुचिस्मिता ने बताया कि 4 जुलाई को प्रातः 8 बजे हवन के साथ समारोह का शुभारंभ होगा। इसके बाद पूर्णाहुति, प्रथम रक्तदान शिविर, पुष्पांजलि समारोह, पौधारोपण, नंदा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा स्वदेशी वस्तुओं की प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। वहीं सायंकाल ब्रह्मसरोवर स्थित आरती स्थल पर भजन संध्या, महाआरती, स्कूली विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरण, विशिष्ट अतिथियों के संबोधन तथा प्रसाद वितरण कार्यक्रम होंगे।
बैठक में छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. ए.आर. चौधरी, मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. आनंद कुमार, एनसीसी सीटोओ डॉ. कविता दहिया, डॉ. अशोक शर्मा, एक्सईन पंकज शर्मा, अजमेर सिंह, केडीबी से अमर सिंह, अमित भटनागर सहित स्वच्छता एवं उद्यान शाखा सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।


