
सोशल मीडिया पर हिन्दू देवी-देवता के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार, पुलिस की सख्त कार्रवाई
आजमगढ़। जनपद की रौनापार थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर हिन्दू देवी-देवता के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी कर धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, रितिसागर भारती, मठाधीश, निवासी रजादुर थाना जीयनपुर की तहरीर पर जितेन्द्र पासवान पुत्र मंगरु, निवासी ग्राम ओढ़रा सलेमपुर, थाना रौनापार के विरुद्ध सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो में हिन्दू देवता के प्रति अपमानजनक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाया गया। शिकायत में कहा गया कि इस वीडियो से करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं तथा सामाजिक सौहार्द और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका उत्पन्न हुई।
तहरीर के आधार पर थाना रौनापार में मु.अ.सं. 187/2026 के तहत धारा 299/302 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत गिरफ्तार किया और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के बाद जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी धर्म, देवी-देवता या धार्मिक आस्था के विरुद्ध आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी प्रकार की भड़काऊ या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री साझा करने से बचें।


