
इंजीनियर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
सह संपादक – डॉ. संजीव कुमारी।
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में बीटेक और लीट कोर्सों के लिए ऑन-द-स्पॉट काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू, 30 जुलाई तक कर सकते हैं आवेदन।
बीवॉक और डीवॉक सहित अन्य प्रोग्राम में बची हुई सीटों पर भी मिलेगा विद्यार्थियों को एक और मौका।
पलवल,17 जुलाई : इंजीनियर बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर है। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए बीटेक और बीटेक लेटरल एंट्री पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इसके लिए ऑन-द-स्पॉट (ओपन) काउंसलिंग का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने बीवॉक और डीवॉक सहित विभिन्न प्रोग्राम में उन विद्यार्थियों को भी अवसर देने की घोषणा की है, जो किन्हीं कारणों से पहले आवेदन नहीं कर पाए थे। इन विद्यार्थियों के लिए भी ओपन और ऑन द स्पॉट काउंसलिंग करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि स्किल प्राप्त करने का इच्छुक एक भी विद्यार्थी छूटना नहीं चाहिए। हम इसी लक्ष्य पर काम कर रहे हैं। अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह ने कुछ अन्य प्रोग्राम में बची हुई सीटों पर भी उन विद्यार्थियों को अवसर देने की बात कही है, जो ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाए थे। उन्होंने कहा कि एसवीएसयू विद्यार्थियों की स्किलिंग के लिए अपने संसाधनों का हरसम्भव उपयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है।
एसवीएसयू की दाखिला निदेशक प्रोफेसर ज्योति राणा की ओर से जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, छात्र विभिन्न आधुनिक और तकनीकी कोर्सों जैसे कि मैकेनिकल एंड स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग (वीएलएसआई डिजाइन एवं टेक) और कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (एआई एन्ड एमएल) साइबर सिक्योरिटी व कंप्यूटर इंजीनियरिंग के लिए आवेदन कर सकते हैं। विश्वविद्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, नियमित बीटेक पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 से शुरू होकर 30 जुलाई तक चलेगी, जबकि इसकी मेरिट लिस्ट 4 अगस्त को जारी की जाएगी। इसके बाद पहले चरण की संस्थान स्तरीय फिजिकल काउंसलिंग 5 अगस्त से 8 अगस्त के बीच आयोजित होगी। वहीं दूसरे चरण की काउंसलिंग 12 और 13 अगस्त को तय की गई है। दूसरी ओर, डिप्लोमा धारकों के लिए बी.टेक लीट कोर्सों में आवेदन करने की अवधि 24 जुलाई से 30 जुलाई तक निर्धारित की गई है। लीट की मेरिट लिस्ट 6 अगस्त को प्रदर्शित होगी, जिसके बाद पहले चरण की फिजिकल काउंसलिंग 7 व 8 अगस्त को और दूसरे चरण की काउंसलिंग 14 अगस्त को की जाएगी। प्रोफेसर ज्योति राणा ने बताया कि जो भी छात्र बीटेक के लिए इस ओपन काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेना चाहते हैं, उन्हें आगामी 30 जुलाई को शाम पांच बजे से पहले अपना आवेदन फॉर्म ऑनलाइन माध्यम से अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक दाखिला वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इसके साथ ही काउंसलिंग के समय रिपोर्टिंग के लिए जरूरी दस्तावेजों की विस्तृत सूची भी विश्वविद्यालय की मुख्य वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। बीटेक के अतिरिक्त अन्य प्रोग्राम के लिए भी अलग से शेड्यूल जारी किया जाएगा।
बैठक की अध्यक्षता करते कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार।
दाखिला प्रक्रिया में हिस्सा लेते विद्यार्थी।


