
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के विस क्षेत्र आईजीएन कॉलेज के सभागार में आयोजित होगा जिला स्तरीय अंत्योदय मेला, मेले के सफल आयोजन को लेकर एसडीएम ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा- निर्देश।
लाडवा, प्रमोद कौशिक : एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि अंत्योदय मेले के सफल आयोजन की सभी विभाग समयबद्ध तरीके से तैयारियों को करे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेश पर जिला स्तरीय अंत्योदय मेले का 26 जुलाई को आईजीएन कॉलेज लाडवा में आयोजन किया जाएगा। इस मेले में नागरिकों को 19 विभागों की लगभग 50 योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
एसडीएम अनुभव मेहता वीरवार को उपमंडल नागरिक कार्यालय लाडवा में अंत्योदय मेले के आयोजन को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि इस मेले में सभी विभागों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं से संबंधित जानकारियों को नागरिकों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही पात्र व्यक्ति को लाभ पहुंचाने के लिए संबंधित योजना में आवेदन करवाया जाना भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि लाडवा विधानसभा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विधानसभा क्षेत्र है। इसलिए इस क्षेत्र में प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ मिले इसके लिए अधिकारियों को प्रत्येक योजना को गंभीरता के साथ लागू करना सुनिश्चित करना होगा। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री स्वयं हर योजना की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा करते है। उन्होंने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि लाडवा विधानसभा के प्रत्येक गांव में अंत्योदय मेले की सूचना को पहुंचाया जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिक मेले में शामिल होकर योजनाओं का लाभ उठा सके। इसी तरह नगर पालिका सचिव नप क्षेत्र में कार्यक्रम का प्रचार करे।
एसडीएम अनुभव मेहता ने कहा कि अंत्योदय मेले में परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं का निपटारा किया जाएगा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना में आवेदन करवाकर सौलर सिस्टम उपलब्ध करवाया जाएगा। इतना ही नहीं विशेष स्टॉल के माध्यम से दीन दयान लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पात्र महिलाओं के आवेदन भी मौके पर करवाए जाएंगे।


