
जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण का पहले चरण का कार्य पूरा।
31 जुलाई को जारी होगी ड्राफ्ट सूची, वेबसाइट पर रहेगी उपलब्ध।
किसी भी मतदाता का नाम कटा है तो पुन: दर्ज करा सकते हैं आपत्ति।
थानेसर, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 26 जुलाई : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण के पहले चरण का कार्य 100 प्रतिशत पूरा हो गया है। अब 31 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की जाएगी जिसे वेबसाइट के साथ हर जगह प्रकाशित किया जाएगा।
उन्होंने एसआईआर के दौरान कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों का सहयोग के लिए धन्यवाद करते हुए कहा कि 810 बीएलओ द्वारा 7 लाख 83 हजार 383 मतदाताओं को फॉर्म वितरित किए गए जिनमें से 6 लाख 77 हजार 483 मतदाताओं के फॉर्म डिजिटाइज किए गए हैं। इनमें से 1,06,348 ने किसी अन्य कारण से गणना प्रपत्र वापिस जमा नहीं किए हैं।
उन्होंने कहा कि अब 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। अगर किसी मतदाता का नाम 31 जुलाई को प्रकाशित होने वाली लिस्ट में नहीं है तो वह फार्म 6 भर अपना नाम पुन: दर्ज करवा सकते हैं। फाइनल लिस्ट में उनका नाम शामिल कर लिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता का नाम बिना सुनवाई के नहीं कटेगा। ईआरओ के निर्णय पर मतदाता 15 दिन के अंदर जिला स्तर पर अपील कर सकता है फिर भी समस्या आती है तो 30 दिन के अंदर मुख्य निर्वाचन अधिकारी को अपील कर सकता है। इसीलिए 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। दावे व आपत्तियों के साथ- साथ 28 सितंबर तक नोटिस फेज व आपत्तियों के समाधान का कार्य भी चलेगा। नोटिस फेज में बीएलओ की तरफ से ऐसे मतदाताओं को नोटिस दिया जाएगा जिनका पिछले विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पाया है या फिर मिलान में किसी भी प्रकार की विसंगतियाँ पाई गई हैं।
उन्होंने कहा कि फॉर्म 6 के माध्यम से पात्र व्यक्ति खुद का नाम मतदाता सूची में जोड़ सकते हैं, 1 जुलाई, 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को वोटर बनने के लिए फार्म 6 भरने की सुविधा दी गई है। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची में छूट गए हैं या जो किन्हीं वजहों से गणना प्रपत्र नहीं भर सके थे वह भी फार्म 6 भर सकते हैं। फॉर्म 7 के तहत मतदाता अपना नाम हटवाने के लिए भर सकते हैं जिनका नाम पहले से ही मतदाता सूची में है। फॉर्म 8 की मदद से मतदाता अपने मतदाता कार्ड में कुछ बदलाव करने या कोई गलती है तो उसे सुधारने के लिए भर सकते हैं। यह सुविधा ऑनलाइन भी उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के सफल संचालन के लिए जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ, निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी विधानसभाओं में कार्य कर रहे हैं। अगले फेज के लिए सहायक ईआरओ भी कार्य से जुड़ेंगे, जबकि जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा हर विधानसभा की रिपोर्ट ली जा रही है।


