मा. विशेष रोल प्रेक्षक/संयुक्त सचिव, भारत सरकार की अध्यक्षता में जनपद बरेली के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में बैठक का किया आयोजन

दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : मा. विशेष रोल प्रेक्षक/संयुक्त सचिव, भारत सरकार नई दिल्ली संजय कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद बरेली के समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों के साथ विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के संबंध में बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में मा. विशेष रोल प्रेक्षक ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा है कि मतदाता सूची में सही व्यक्ति का नाम छूटे नहीं और कोई गलत व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने ने पाए। उन्होंने बैठक में उपस्थित राजनैतिक दलो के प्रतिनिधियों से कहा कि आप सभी जनता के प्रतिनिधि के रुप में हैं जनता आपके पास अपनी समस्याओं को लेकर आती रहती है। यदि किसी प्रकार की कोई शंका या समस्या है तो अवगत करा सकते हैं।
बैठक में बी.जे.पी जिलाध्यक्ष आंवला क्षेत्र ने सुझाव दिया कि नोटिस सुनवाई केन्द्र पर आने वाले लोगों की संख्या अधिक हो जाती है, लोग कतार में खड़े-खडे़ वापिस चले जाते हैं अतः अगर हो सके तो ए.ई.आर.ओ को क्षेत्रों में भी भेजा जाए।
बैठक में बी.एस.पी के प्रतिनिधि ने कहा कि ऐसे लोग जो काम और रोजगार के लिए बाहर चले जाते हैं उनके वोट बनने में समस्या आती है इस पर भी ध्यान दिया जाए।
सपा पार्टी के प्रतिनिधि ने बताया कि बूथ बढ़ाये गये और एस.आई.आर के कारण वोट कम हो रहे हैं तो यदि सम्भव हो तो मतदाताओ की संख्या के अनुसार वापस बूथ कम किये जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नोटिस सुनवाई केन्द्र काफी दूर होने पर भी लोगों को असुविधा हो रही है। एक ही परिवार के लोगों के वोट अलग-अलग बूथों पर हो गये है जिससे मतदाताओं को असुविधा हो रही है, जिस पर बताया गया कि फार्म 8 के माध्यम से बूथ बदलवाया जा सकता है इसके साथ ही नये नाम जोड़े जा रहे हैं फाइनल पब्लिकेशन के बाद ही मतदाताओं की संख्या पता चलेगी तदोपरान्त बूथों पर निर्णय लिया जा सकेगा।
राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा फार्मेट 9, 10,11 के विषय में भी जानकारी ली गयी जिस पर बताया गया कि फार्मेट 9 में फार्म 6 की समरी, फार्मेट 10 में फार्म 7 की समरी और फार्मट 11 में फार्म 8 की समरी होती है। फार्म 7 को देने वाला व्यक्ति मतदाता होना चाहिये और अपने हस्ताक्षर आदि से ही फार्म 7 को जमा कर सकता है। मा0 विशेष रोल प्रेक्षक ने सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को आशवस्त किया कि यदि कोई समस्या हो तो जिला निर्वाचन अधिकारी से सम्पर्क कर समस्या के विषय में अवगत कराए, जिससे समयान्तर्गत समस्या का निराकरण हो सके। अन्त में जिला निर्वाचन अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आशवस्त किया कि समस्या होने पर सम्बन्धित ई.आर.ओ या उप जिला निर्वाचन अधिकारी से भी सम्पर्क कर सकते हैं।
बैठक में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वि/रा) संतोष कुमार सिंह सहित समस्त ई.आर.ओ उपस्थित रहे।




