जग ज्योति दरबार में सांसद नवीन जिंदल के लिए होगा महायज्ञ

वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
जग ज्योति दरबार में महंत राजेंद्र पुरी ने शुरू किया अनुष्ठान।
कुरुक्षेत्र, 6 मार्च : जग ज्योति दरबार में देश के प्रसिद्ध उद्योगपति, समाजसेवी एवं कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल के कल्याण तथा उन्नति के लिए 9 मार्च को महंत राजेंद्र पुरी व अन्य संत महापुरुषों द्वारा महायज्ञ किया जाएगा। इस महायज्ञ में बड़ी संख्या में दरबार के श्रद्धालु भी शामिल होंगे। महंत राजेंद्र पुरी ने बताया कि वीरवार को जग ज्योति दरबार में चार दिवसीय अनुष्ठान प्रारम्भ हो चुका है। इस अनुष्ठान की पूर्णाहुति फाल्गुन शुक्ल पक्ष की दशमी को महायज्ञ के अवसर पर होगी। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिंदल हमेशा कुरुक्षेत्र के विकास के लिए प्रयासरत रहते हैं और यहां के लोग भी उनको चाहते हैं। उल्लेखनीय है कि महंत राजेंद्र पुरी पहले भी भीषण गर्मी में गत वर्ष सांसद नवीन जिंदल के लिए कठोर अग्नि तपस्या कर चुके हैं। महंत राजेंद्र पुरी ने कहा कि अग्नि तपस्या का फल मिला और नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र के सांसद बने। इस मौके पर अनुष्ठान में स्वामी रघुनाथ देव, स्वामी हरिराम, डा. नरेंद्र कुमार, विनय गुप्ता, सुखदेव सिंह, सुरेंद्र पाल, अजय राठी, विजय राठी व मनप्रीत सिंह इत्यादि भी मौजूद रहे।
महंत राजेंद्र पुरी हवन करते हुए।