फूलों में सज रहे हैं मेरे श्याम खाटू वाले… भजन पर झूमे श्याम प्रेमी


फूलों में सज रहे हैं मेरे श्याम खाटू वाले… भजन पर झूमे श्याम प्रेमी।
वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
समस्त श्याम प्रेमी परिवार कुरुक्षेत्र ने किया 545 वां भव्य श्याम संकीर्तन व भंडारा आयोजित।
कुरुक्षेत्र, 31 मार्च : खाटू श्याम जी के प्रचार प्रसार को समर्पित नगर की विख्यात संस्था समस्त श्याम प्रेमी परिवार कुरुक्षेत्र द्वारा महादेव गौशाला बाहरी में 545 वां भव्य श्री श्याम संकीर्तन व भंडारा आयोजित किया गया। श्याम प्रेमी अजय गोयल ने बताया कि नव संवत उत्सव के उपलक्ष्य करवाए गए इस संकीर्तन में गौशाला प्रधान सुरेन्द्र गोयल सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों और नगर के गणमान्य लोगों ने श्याम पूजन में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर भव्य श्याम दरबार के दर्शन किए। श्याम दरबार की आभा देखते ही बन रही थी। पुष्प श्रृंगार और इत्र की खुशबू से वातावरण महक उठा। इस दौरान गायक नायब सिंह सिरसला और पीहू दासी ने श्याम भजनों की झड़ी लगाई। जिनमें कर दी बाबा ने पवित्र मेरी झोंपड़ी…, हारे के सहारे आजा, तेरा दास पुकारे आजा…, लो आ गया अब तो श्याम मैं शरण तेरी…, फूलों में सज रहे हैं मेरे श्याम खाटू वाले और घर आए बाबा श्याम दीवानी हो गई मैं…. इत्यादि भजनों पर सभी भक्त भावविभोर होकर झूम उठे। श्याम भक्तों ने बारी-बारी से चंवर सेवा की। संकीर्तन के पश्चात आरती हुई और आरती के बाद श्याम जी का पुष्प श्रृंगार भक्तों को प्रदान किया गया। भंडारे में सभी भक्तों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। श्री श्याम आरती में सतीश शर्मा, इंजी.सीपी गुप्ता, संजय गर्ग, हरीश गुप्ता, अनिल मित्तल सुनेहड़ी, गौरव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गौ भक्त शामिल हुए।
श्री खाटू श्याम संकीर्तन में पूजन व आरती करते श्यामप्रेमी तथा भजनों पर झूमते हुए श्रद्धालु।