
पीड़ित परिवार को छोड़कर दर-दर भटकने को मजबूर, ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार।
आजमगढ़ (ब्यूरो): उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मेहनगर तहसील अंतर्गत ग्राम व पोस्ट खरिहानी से भू-माफियाओं के आतंक और अवैध गतिविधियों का एक गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में भू-माफियाओं द्वारा न सिर्फ बड़े पैमाने पर अवैध खनन और जमीनों पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं, बल्कि विरोध करने वालों को खुलेआम धमकियां भी दी जा रही हैं।
अवैध कब्जे और खनन का खेल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरिहानी ग्राम सभा में कैलाश, सीताराम प्रजापति, शशी प्रजापति और श्रवण प्रजापति (पुत्र लोटू प्रजापति) आदि लोगों पर सरकारी व निजी जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा करने और अवैध खनन को बढ़ावा देने के गंभीर आरोप लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन दबंगों ने पूरी ग्राम सभा में अपना खौफ पैदा कर रखा है।
न्याय के लिए भटक रहा पीड़ित परिवार
इस दबंगई का शिकार हुए स्थानीय निवासी सोनू जायसवाल (ज्ञान जायसवाल) पिछले कई दिनों से न्याय की आस में भटक रहे हैं। भू-माफियाओं के डर और लगातार मिल रही धमकियों के कारण पीड़ित अपनी पत्नी, बच्चों और बूढ़ी मां को घर पर ही छोड़ने तथा खुद जान बचाने के लिए बाहर शरण लेने को मजबूर हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दबंग खुलेआम कहते हैं कि “हमारा दबदबा था, दबदबा है और रहेगा”। उन्हें स्थानीय प्रशासन या पुलिस का कोई डर नहीं है।
‘बुल्डोजर बाबा’ की कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर पूरी खरिहानी ग्राम सभा के नागरिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गांव का हर व्यक्ति अब पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होकर न्याय की मांग कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई न होने के कारण अब उन्हें केवल उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके ‘बुल्डोजर’ पर भरोसा रह गया है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और शासन से अपील की है कि तत्काल प्रभाव से इस अवैध कब्जे और खनन पर रोक लगाई जाए, दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व न्याय प्रदान किया जाए।

