Uncategorized

10वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव धर्मक्षेत्र- कुरुक्षेत्र में 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे शामिल : नायब सिंह सैनी

15 नवंबर से 5 दिसंबर तक पहली बार 21 दिन तक महोत्सव में देखने को मिलेगा संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अलग ही संगम।
कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में मोह ग्रस्त अर्जुन को भगवान श्रीकृष्ण के मुखारविंद से श्रीमद् भगवद् गीता के शाश्वत उपदेश को 5,163 वर्ष होंगे पूरे।

कुरूक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 14 नवंबर : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस बार 10वां अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव धर्मक्षेत्र – कुरुक्षेत्र में 15 नवंबर से शुरू हो रहा है और 5 दिसंबर तक चलेगा। पहली बार 21 दिन तक चलने वाले इस महोत्सव में संस्कृति, ज्ञान और आध्यात्मिकता का अलग ही संगम देखने को मिलेगा। हमारे लिए बड़े ही गर्व और गौरव की बात है कि इस बार 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र 48 कोस की परिधि में फैला है। इस क्षेत्र में अनेक तीर्थ हैं। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा 182 तीर्थों की पहचान की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को ब्रह्मसरोवर के श्री सर्वेश्वर महादेव मंदिर परिसर में पत्रकारों को प्रेस वार्ता में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, सांसद नवीन जिंदल, हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज यहां परम पूज्य गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज भी विराजमान हैं। स्वामी ज्ञानानंद महाराज प्रेम और सद्भाव की प्रतिमूर्ति हैं तथा अपनी सहज, सरल और मधुर वाणी से देश-विदेश में गीता और श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से मानव को आचार, विचार एवं व्यवहार के बारे में सीख दे रहे हैं। इनकी ही प्रेरणा और प्रयासों से मॉरीशस, ब्रिटेन, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और जापान समेत अन्य देशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का भव्य आयोजन हो चुका है। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र में हर साल आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के सफल आयोजन में स्वामी ज्ञानानंद महाराज की सक्रिय भागीदारी और मार्गदर्शन रहता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारी धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की इस पावन भूमि को भारतीय संस्कृति की क्रीड़ा स्थली होने का गौरव प्राप्त है। इसी भूमि में पावन सरस्वती के तटों पर वेदों, उपनिषदों और पुराणों की रचना हुई और इसी भूमि को श्रीमद्भगवद्गीता की जन्मस्थली होने का विशेष सौभाग्य प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की युद्धभूमि में मोह ग्रस्त अर्जुन को भगवान श्रीकृष्ण के मुखारविंद से श्रीमद्भगवद्गीता का जो शाश्वत उपदेश दिया गया था, इस वर्ष इस उपदेश को दिए हुए 5,163 वर्ष हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2014 में कुरुक्षेत्र आगमन के दौरान कहा था कि कुरुक्षेत्र को गीता स्थली के रूप में पहचान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उनसे प्रेरणा प्राप्त कर गीता महोत्सव को कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाने की शुरुआत वर्ष 2016 में की थी,तब से अब तक पिछले 9 वर्षों से इस महोत्सव को अपार सफलता और लोकप्रियता मिली है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह महोत्सव भारत देश की सीमाओं से भी बाहर विदेशों में मनाया जाने लगा है। पहली बार वर्ष 2019 में यह महोत्सव देश से बाहर मॉरीशस तथा लंदन में भी मनाया गया। इसके बाद यह यूनाइटेड किंगडम, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका एवं इंडोनेशिया में आयोजित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि गीता की जन्मस्थली धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में हर साल अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। इसलिए हर साल प्रबंध भी व्यापक स्तर पर किये जाते हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस बार अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में मध्यप्रदेश सहयोगी राज्य की भूमिका में रहेगा। मध्यप्रदेश अपनी समृद्ध धार्मिक व आध्यात्मिक संस्कृति के लिए विख्यात है। ऐसे महान सांस्कृतिक परंपराओं वाले राज्य का अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में सहयोगी राज्य बनने से इस महोत्सव की गरिमा और गौरव कई गुणा बढ़ गए हैं। मध्यप्रदेश द्वारा ब्रह्मसरोवर पर स्थित पुरुषोत्तम पुरा बाग में सांस्कृतिक पैवेलियन बनाया जा रहा है। इसमें उनकी संस्कृति, शिल्प, खान-पान इत्यादि से सम्बन्धित स्टाल आकर्षण का केन्द्र रहेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 24 नवम्बर को ब्रह्मसरोवर पर गीता यज्ञ एवं पूजन के साथ अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। इसके साथ ही 24 नवंबर को ही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय अन्तर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी का शुभारम्भ भी किया जाएगा। इस संगोष्ठी में ऑनलाइन माध्यम से भी देश-विदेश के गीता मर्मज्ञ, विद्वान एवं शोधार्थी अपने शोधपत्र प्रस्तुत करेंगे।
विदेश मंत्रालय के माध्यम से अन्तर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी में 16 देशों के 25 विद्वानों की रहेगी उपस्थिति।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस वर्ष भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय गीता संगोष्ठी में 16 देशों के 25 विद्वानों की उपस्थिति रहेगी। विदेश मंत्रालय के माध्यम से 51 देशों में गीता महोत्सव के कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनका लाइव प्रसारण रहेगा। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय द्वारा दूसरे देशों में विभिन्न भाषाओं में अनुवाद की गई श्रीमद्भागवत गीता की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। फिजी और त्रिनिदाद एवं टोबेगो से 20 पंडित 2 दिन के लिए कुरुक्षेत्र आ रहे हैं, जोकि महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। इसके अलावा 7 देशों के 25 शिल्पकारों द्वारा अपनी शिल्प का प्रर्दशन महोत्सव के दौरान किया जाएगा।
24 नवम्बर से 1 दिसम्बर की अवधि के दौरान संस्थानों में होंगे गीता सेमिनार।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस बार कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के अतिरिक्त एनआईडी, एनआईटी तथा आयुष विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र द्वारा भी 24 नवम्बर से 1 दिसम्बर की अवधि के दौरान अपने-अपने संस्थानों में गीता सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभी विभागों द्वारा अपने स्तर पर गीता पर आधारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
26 नवम्बर से 30 नवम्बर तक पुरुषोत्तमपुरा बाग में होगी कथा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 26 नवम्बर से 30 नवम्बर तक पुरुषोत्तमपुरा बाग में पदम विभूषित रामभ्रदाचार्य जी द्वारा जीयो गीता के तत्वावधान में कथा का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह 29 नवम्बर को पुरुषोत्तमपुरा बाग में संत सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें देश के प्रख्यात सन्त मिलकर गीता एवं अध्यात्म विषय पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि 30 नवम्बर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सीनेट हाल में अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में भारत वर्ष की विभिन्न संस्थाओं के प्रमुखों की उपस्थिति रहेगी।
सबसे ज्यादा देखे जाने वाली वीडियो क्लिप को मिलेगा 1 लाख रुपये का पुरस्कार।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महोत्सव के दौरान सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग, हरियाणा द्वारा एक यू-टूब चैनल चलाया जाएगा। इसमें विभिन्न श्रद्धालु श्रीमद्भगवद गीता में मेरा पंसदीदा श्लोक एवं उस श्लोक से उनके जीवन में आए बदलाव पर अपना अनुभव साझा करेंगे। सबसे ज्यादा देखे जाने वाली विडियो क्लिप को महोत्सव के समापन समारोह में 1 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
25 नवम्बर से 1 दिसम्बर तक 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के तीर्थों पर होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 15 नवम्बर से 5 दिसम्बर 2025 तक ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर भव्य गीता महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इसी तरह 25 नवम्बर से 1 दिसम्बर तक 48 कोस कुरुक्षेत्र भूमि के तीर्थों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। गीता जयन्ती के दिन 1 दिसम्बर को ज्योतिसर तीर्थ पर गीता यज्ञ, गीता पाठ एवं भगवद कथा का आयोजन होगा। उसी दिन थीम पार्क, कुरुक्षेत्र में 18 हजार विद्यार्थियों द्वारा गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा। इसमें देश-विदेश से लाखों गीता प्रेमी एवं श्रद्धालु ऑनलाइन भी जुड़ेंगे। इसके साथ ही उसी दिन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में 48 कोस तीर्थ सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें कुरुक्षेत्र भूमि के 182 तीर्थ समितियों के प्रतिनिधि भाग लेंगे।
182 तीर्थों पर होगा दीपोत्सव का आयोजन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 1 दिसम्बर 2025 को ही कुरुक्षेत्र भूमि के सभी 182 तीर्थों पर दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। गीता शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। इसमें नगर की विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाएं भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि 24 नवम्बर से 1 दिसम्बर तक प्रतिदिन ब्रह्म सरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांयकालीन भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। यह कार्यक्रम गीता, महाभारत एवं श्रीकृष्ण विषय पर आधारित होंगे।
विद्यार्थियों के लिए गीता श्लोकोच्चारण, भाषण, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली, क्राफ्ट प्रतियोगिताएं होंगी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 28 से 30 नवम्बर तक सन्निहित सरोवर एवं ब्रह्मसरोवर पर विद्यार्थियों के लिए गीता श्लोकोच्चारण, भाषण, निबंध लेखन, चित्रकला, रंगोली, क्राफ्ट आदि कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी ब्रह्म सरोवर पर 24 नवम्बर से 1 दिसम्बर तक गीता पुस्तक मेले को आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के प्रमुख प्रकाशक शामिल होंगे।
हरियाणा के विकास एवं उन्नति को दर्शाती हुई लगाई जाएंगी प्रदर्शनियां
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हर साल की तरह इस साल भी ब्रह्म सरोवर के पुरुषोत्तमपुरा बाग में 24 नवम्बर से 1 दिसम्बर तक हरियाणा के विकास एवं उन्नति को दर्शाती हुई प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और क्षेत्र विशेष में हुए विकास कार्यों की जानकारी मिलेगी। इनके अलावा, विभिन्न धार्मिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। महोत्सव के दौरान विभिन्न भाषाओं में गीता संस्करण की प्रर्दशनी भी लगाई जाएगी।
हरियाणा की संस्कृति, शिल्प, खान-पान के लिए बनाया जाएगा हरियाणा पैवेलियन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महोत्सव में हरियाणा की संस्कृति, शिल्प, खान-पान इत्यादि से सम्बन्धित हरियाणा पैवेलियन बनाया जाएगा। इसमें वाले पर्यटक एवं तीर्थयात्री हरियाणा की संस्कृति से रूबरू होंगे। गीता महोत्सव में बलराम कुश्ती दंगल का आयोजन करवाया जाएगा। इसमें देश के बड़े-बड़े कुश्ती खिलाडिय़ों को भी आमन्त्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शहर में विभिन्न स्थानों पर महाभारत थीम पर आधारित पेंटिंग बनाने का कार्य करवाया जाएगा। मेला क्षेत्र में दर्शकों के लिए 15 नवम्बर से 5 दिसम्बर 2025 तक फन फेयर का आयोजन किया जा रहा है। गीता महोत्सव के अवसर पर ज्योतिसर में निर्मित अनुभव केन्द्र के उद्घाटन की भी योजना तैयार की गई है।
28 नवंबर से सभी जिला मुख्यालय पर होंगे अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के कार्यक्रम 28 नवंबर से सभी जिला मुख्यालयों पर शुरू होंगे। इसी तरह 1 दिसम्बर को हरियाणा के सभी जिलों के मुख्यालयों में गीता शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। सभी जिलों के मुख्यालयों में 1 दिसम्बर को गीता जयंती के दिन 1800 विद्यार्थियों द्वारा गीता का वैश्विक पाठ किया जाएगा। इसी प्रकार सभी जिलों में 1 दिसम्बर को ग्राम पंचायतों द्वारा अपने तीर्थों पर सायंकाल को दीपोत्सव मनाया जाएगा।
गीता जयंती से कुरुक्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुआ लाभ: गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज।
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि कुरुक्षेत्र में भगवान श्री कृष्ण ने सर्व मानव जाति के कल्याण के लिए गीता का उपदेश दिया था। अब गीता को विश्व स्तर पर विशेष पहचान मिली है, जिसका कुरुक्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा लाभ हुआ है। हर साल लाखों लोग विदेश से अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती में हिस्सा लेने के लिए यहां पहुंचते हैं। इससे कुरुक्षेत्र के विकास को गति मिली है। गीता जयंती में पर्यटकों के कुरुक्षेत्र आने को लेकर काफी उत्सुकता रहती है। उन्होंने कहा कि अब गीता जयंती के कार्यक्रम देश के विभिन्न प्रदेशों के साथ-साथ अन्य देशों में भी आयोजित किया जा रहे हैं।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, सांसद नवीन जिंदल, पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा,उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, केडीबी सीईओ पंकज सेतिया, जिला अध्यक्ष तिजेंदर सिंह गोल्डी, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी,चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, उपाध्यक्ष धुम्मन सिंह किरमच, जिला परिषद चेयरपर्सन कंवलजीत कौर,भाजपा के वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा डीडी, भाजपा नेता सुभाष कलसाना, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Compare Listings

Title Price Status Type Area Purpose Bedrooms Bathrooms
plz call me jitendra patel