बेटियों के स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के सुरक्षा कवच को मजबूत करेगा एचपीवी वैक्सीन : नायब सिंह सैनी

बेटियों के स्वास्थ्य और आत्मविश्वास के सुरक्षा कवच को मजबूत करेगा एचपीवी वैक्सीन : नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा से प्रदेशभर में एचपीवी वैक्सीन अभियान का किया शुभारंभ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने 3 करोड़ 68 लाख की लागत से लाडवा के गांव बरोट में निर्मित पीएचसी का किया उद्घाटन।
मुख्यमंत्री ने लाडवा में एचपीवी वैक्सीन लगवाने वाली बेटियों का प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित।
40 बेटियों को शुभारंभ अवसर पर लगाया वैक्सीनेशन।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने वर्चअुल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्रव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान के उद्घाटन सत्र को देखा।
कुरुक्षेत्र लाडवा, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 28 फरवरी : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीन बेटियों के आत्म विश्वास और स्वास्थ्य की ढाल बनेगी। इस वैक्सीन से महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर होने के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकेगा। यह वैक्सीन वायरस से सुरक्षा प्रदान करेगी और बेटियों के सपनों का सुरक्षा कवच बनेगी। इस राष्ट्रव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया है। यह वैक्सीनेशन अभियान बेटियों के स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य के सुरक्षा प्रति अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को लाडवा के श्रीराम कुंडी धर्मशाला के सभागार में हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयोजित प्रदेशव्यापी एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान के शुभारंभ पर बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया और बेटियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने 3 करोड़ 68 लाख की लागत से गांव बरोट में निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन का उद्घाटन किया। इस अभियान के पहले दिन मुख्यमंत्री के समक्ष 5 बेटियों और स्वास्थ्य केन्द्र में 35 बेटियों को एचपीवी वैक्सीन लगाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से शुरू किए गए राष्ट्रव्यापी एचपीवी अभियान कार्यक्रम का वर्चुअल माध्यम से देखा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सर्वाइकल कैंसर से भारत मेें महिलाओं में सबसे ज्यादा होने वाला दूसरा कैंसर है। यह कैंसर ह्यूमन पेपिलोमा वायरस से पनप रहा है। इस बीमारी को रोका जा सकता है इसलिए वैज्ञानिक शोध के बाद एचपीवी वैक्सीन से इलाज संभव हो सकेगा। यह वैक्सीन इस वायरस से सुरक्षा प्रदान करती है और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर होने के खतरे को काफी हद तक कम कर देती है। इस वैक्सीन को आने वाले 3 महीने में राज्य की प्रत्येक पात्र बालिका तक यह सुरक्षा पहुंचाई जाएगी। यह वैक्सीन 14 वर्ष की आयु पूर्ण करने और 15 वर्ष की आयु की कम बेटियों को लगाया जाएगा। यह वैक्सीन पूरी तरह से वैज्ञानिक शोध पर आधारित और सुरक्षित है। यह वैक्सीन विश्व के 160 से अधिक देशों में लगाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विजन केवल योजनाएं बनाना नहीं है बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। यह एचपीवी टीकाकरण अभियान भी इसी अभियान का एक सशक्त उदाहरण है। जब निजी क्षेत्र में यह टीका हजारों रुपए में उपलब्ध है तब सरकार इसे पात्र बालिका को पूर्णतया निशुल्क उपलब्ध करवा रही है। यह डबल इंजन सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह सरकार इस प्रदेश के जिला मुख्यालय के अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लेस कर रही है और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता दी है। आज सभी को संकल्प लेकर जाना है कि हरियाणा की प्रत्येक पात्र बालिका को एचपीवी टीकाकरण को पहुंचाना है।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रव्यापी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लाडवा से प्रदेशव्यापी एचपीवी टीकाकरण अभियान का आगाज करके बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने का कार्य किया है। इस कार्यक्रम के तहत टीकाकरण का ऑनलाइन पंजीकरण यू विन पोर्टल पर किया जाएगा। प्रत्येक बालिका को एचपीवी टीकाकरण प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। यह डिजिटल इंडिया के सपने को भी साकार करता है, जहां पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीकी का समन्वय भी दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कैंसर के तीसरे व चौथी स्टेज के रोगियों को 3200 रुपए की मासिक आर्थिक सहायता दी जा रही है, अब तक 5807 कैंसर रोगियों ने इस योजना का लाभ उठाया है। प्रदेश सरकार की सोच है कि एक स्वस्थ बेटी ही सशक्त महिला बनती है और एक सशक्त महिला ही सशक्त समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण करती है। यह डबल इंजन सरकार विकसित हरियाणा, विकसित भारत की दिशा में गति से आगे बढ़ रही है।
हरियाणा स्वास्थ्य व एनएचएम के एमडी डा. आरएस ढिल्लों ने मेहमानों का स्वागत करते हुए एचपीवी टीकाकरण अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशानुसार एचपीवी टीकाकरण अभियान को पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ पात्र प्रार्थी तक पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के कार्यालय प्रभारी, भाजपा के जिला अध्यक्ष तिजेन्द्र सिंह गोल्डी, भाजपा के वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, नपा अध्यक्षा साक्षी खुराना, स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. विरेन्द्र यादव, डा. विरेन्द्र अहलावत, सीएमओ डा. सुखबीर सिंह सहित आदि उपस्थित थे।




