
उजियारी फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन
सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ।
फरीदाबाद, प्रमोद कौशिक/ संजीव कुमारी, 18 अप्रैल : आज उजियारी फाउंडेशन की ओर से बल्लभगढ़ में स्थित केदारनाथ मंदिर परिसर में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन डाइटिशियन ललिता भारद्वाज द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सरिता शर्मा द्वारा किया गया। इस शिविर में अनुष्का शर्मा वॉलंटियर के रूप में कार्यरत रहीं, जबकि कार्यक्रम का संपूर्ण प्रबंधन डॉ. पुष्प शर्मा द्वारा किया गया।
शिविर में बीपी, शुगर एवं वजन की निःशुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर लगभग 100–200 लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
डाइटिशियन ललिता भारद्वाज ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि सही खानपान के माध्यम से कई बीमारियों को नियंत्रित एवं ठीक किया जा सकता है। उन्होंने सभी को समय-समय पर अपनी स्वास्थ्य जांच कराते रहने की सलाह दी, ताकि किसी भी बीमारी को प्रारंभिक अवस्था में ही रोका जा सके।
उन्होंने शुगर (डायबिटीज) को नियंत्रित करने के प्रभावी तरीकों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी तथा कई लोगों को इंसुलिन के सही उपयोग के प्रति जागरूक किया।
अंत में डाइटिशियन ललिता भारद्वाज ने बताया कि इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर वे हर महीने आयोजित करती हैं और भविष्य में भी इसी तरह समाज सेवा के कार्य निरंतर जारी रखेंगी।


