
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। कैनविज कंपनी और केएम एसोसिएट के खिलाफ कई पीड़ितों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ितों का आरोप है कि कंपनियों के प्रतिनिधियों ने आकर्षक लाभ का लालच देकर विभिन्न योजनाओं में उनसे धन निवेश कराया। तय समय सीमा पूरी होने के बाद भी न तो निवेश की गई राशि लौटाई गई और न ही किसी प्रकार का लाभ दिया गया।
शिकायत के मुताबिक, जब पीड़ितों ने धन वापसी की मांग की तो आरोपितों ने भविष्य तिथि के चेक सौंपे और भरोसा दिलाने के लिए जमीन से जुड़े अनुबंध पत्र भी कराए। हालांकि, बैंक में प्रस्तुत करने पर ये चेक बाउंस हो गए। इसके बावजूद अब तक कोई भुगतान नहीं किया गया है।
इस मामले में मोनिस अहमद (नैनीताल), अब्दुल्लाह खान (रामपुर), रेहान शाह (रामपुर), मोहम्मद अली (दलपतपुर), प्रदीप गोयल (हापुड़) और शबाना बी (रामपुर) समेत कई लोगों ने खुद को पीड़ित बताया है। उनका आरोप है कि उन्हें योजनाबद्ध तरीके से गुमराह कर धनराशि ली गई।
पीड़ितों का कहना है कि इस संबंध में पहले भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, चेक अनादरण के मामलों में विधिक कार्रवाई करने और उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। तथा संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त नहीं हो सका है। पीड़ितों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।


