
पूरी तरह पेपरलेस होगी प्रक्रिया, विद्यार्थी घर बैठे डिजिटली कर पाएंगे आवेदन
पलवल, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 8 मई : श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने सत्र 2026-27 के लिए एडमिशन पोर्टल का उद्घाटन किया। विद्यार्थी एक क्लिक के साथ दाखिले के लिए आवेदन कर पाएंगे। यह प्रक्रिया पेपरलेस और त्वरित होगी। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार और कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने एडमिशन पोर्टल के लिए अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह को बधाई दी और नवाचारी प्रयासों के लिए वेब एडमिनिस्ट्रेटर प्रवीण आर्य की सराहना की। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि देश का पहला राजकीय कौशल विश्वविद्यालय होने के नाते श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय देश भर के युवाओं को कौशल शिक्षा के अवसर प्रदान करता है। दाखिला प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि यह दौर स्किल का है और भविष्य में स्किल की मांग और ज़्यादा बढ़ेगी। युवाओं को जॉब रेडी बनाने के लिए हमने दोहरी शिक्षा प्रणाली का मॉडल तैयार किया है। इंडस्ट्री के सहयोग से इसे ऑन द जॉब ट्रेनिंग के ज़रिए अधिक उपयोगी बनाया गया है। विद्यार्थियों को इसके माध्यम से रोजगार मिलने में सबसे ज़्यादा सुविधा रहती है। कुलगुरु प्रोफ़ेसर दिनेश कुमार ने बताया कि प्लेसमेंट 81 प्रतिशत से भी ज़्यादा है। अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह ने बताया कि दाख़िला प्रक्रिया को पेपरलेस और सुविधाजनक बनाने के लिए यह पोर्टल बनाया गया है। विद्यार्थी डिजिटली घर बैठे-बैठे आवेदन कर सकते हैं। ईमेल और एसएमएस के माध्यम से और वेबसाइट से उन्हें सारी अपडेट प्रदान की जाएगी। प्रोफेसर विक्रम सिंह ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिजाज से यह बेहद महत्वपूर्ण कदम है। वेब एडमिनिस्ट्रेटर प्रवीण आर्य ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एआई आधारित चैट बोट भी बनाया गया है, जिससे वह पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं।


