
कुरुक्षेत्र पिपली, प्रमोद कौशिक/वरुण कौशिक 29 मई : भाजपा हरियाणा की नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता को सांसद नवीन जिन्दल की ओर से शुभकामनाएं देने के लिए एक शिष्टमंडल उनके निवास पर पहुंचा। इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल की ओर से डॉ. अर्चना गुप्ता को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनकी नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
सांसद नवीन जिन्दल की ओर से समाजसेवी अशोक मित्तल, सीए अश्विनी जैन, रोहित गुप्ता एवं टीम के अन्य सदस्यों ने डॉ. अर्चना गुप्ता के निवास पर पहुंचकर उन्हें भाजपा हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त होने पर शुभकामनाएं दी। इस दौरान सांसद नवीन जिन्दल ने मोबाइल फोन पर डॉ. अर्चना गुप्ता से बातचीत कर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी तथा उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता का संगठनात्मक अनुभव, समर्पण और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता भाजपा को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके कुशल नेतृत्व में हरियाणा भाजपा संगठन नई ऊर्जा, नए संकल्प और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगा।
उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह और अधिक बढ़ेगा तथा संगठन प्रदेश में विकास, सुशासन और राष्ट्रसेवा के अपने संकल्पों को नई गति प्रदान करेगा।


