
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 94161 91877
एसडीएम शाहाबाद ने पत्रकार वार्ता में एसआईआर बारे दी विस्तृत जानकारी
172945 मतदाताओं में से 134318 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य हुआ पूरा।
शाहाबाद, 3 जून : शाहाबाद विधानसभा के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम शंभू राठी ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों को अधिक शुद्ध, पारदर्शी एवं विश्वसनीय बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण- 2026 (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने मतदाताओं से इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया केवल पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करने तथा निर्वाचन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संचालित की जा रही है।
एसडीएम शंभू राठी बुधवार को उपमंडल कार्यालय शाहाबाद में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में यह विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के तहत मतदाता सूची का व्यापक सत्यापन कर उसे शुद्ध किया जाएगा, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता और अधिक मजबूत हो।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता और सशक्त जनभागीदारी के लिए मतदाता सूची का त्रुटिरहित होना अत्यंत आवश्यक है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान मृत मतदाताओं के नाम हटाने, दोहरी प्रविष्टियों को समाप्त करने, स्थानांतरित मतदाताओं के रिकॉर्ड को सत्यापित करने तथा नए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोडऩे का कार्य किया जाएगा। इस पुनरीक्षण के लिए 1 जुलाई, 2026 को अर्हता तिथि निर्धारित की गई है।
एसडीएम शंभू राठी ने कहा कि 14 जून तक बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा उन्हें आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके बाद 15 जून से 14 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। इसी दौरान मतदान केंद्रों के रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी, ताकि मतदाताओं को मतदान के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिन बूथों पर 1200 से अधिक मतदाता है उनके रेशनलाइजेशन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जुलाई, 2026 को किया जाएगा। इसके पश्चात 21 जुलाई से 20 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएगी, जिससे पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जा सके तथा सूची में मौजूद त्रुटियों का समयबद्ध समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 1 लाख 72 हजार 945 है। पुनरीक्षण अभियान के तहत 1 लाख 34 हजार 318 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है।


