
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी बरेली में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा सतत जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।रैली का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर से हुआ। इसमें स्वमसेवियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए साइकिल चलाकर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का संदेश दिया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग हेतु प्रेरित किया तथा प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण का संदेश दिया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि साइकिल न केवल एक किफायती एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधन है, बल्कि यह शारीरिक स्वास्थ्य को भी बेहतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।उन्होंने युवाओं से अधिकाधिक साइकिल उपयोग करने का आह्वान किया।कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सविता सक्सेना द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण डॉ0कल्पना कटियार, डॉ0मनोज जोशी, डॉ0 मोनिका सक्सेना, रितेश गुप्ता व अन्य प्रवक्ता,कर्मचारीगण एवं विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। रैली का समापन पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ के साथ हुआ।


