
महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर में 75% तक स्कॉलरशिप, AI एवं भविष्य की तकनीकों में प्रशिक्षण के अवसर।
बाबैन, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 10 जून : ग्रामीण युवाओं को रोजगारपरक एवं आधुनिक तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा संचालित महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर, बहलोलपुर में शैक्षणिक सत्र 2026- 27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। संस्थान में युवाओं को उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
यह जानकारी देते हुए नवीन जिन्दल फाउंडेशन से कृष्मन सिंह सैनी ने बताया कि इस सत्र में इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, टेक्नीशियन इन पावर इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम तथा कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (COPA) जैसे रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों में प्रवेश आरंभ हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए फाउंडेशन द्वारा पात्र विद्यार्थियों को 75 प्रतिशत तक स्कॉलरशिप प्रदान की जा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली युवा भी आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि संस्थान में नियमित आईटीआई ट्रेड्स के अतिरिक्त नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) के सहयोग से विभिन्न अल्पकालिक प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इनमें कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट्स (CCC), डिजिटल साक्षरता, कंप्यूटर एप्लीकेशन, इंटरनेट एवं नेटवर्किंग जैसे कार्यक्रम शामिल हैं, जो युवाओं को डिजिटल युग की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करते हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में तेजी से विकसित हो रही तकनीकों को देखते हुए संस्थान में IBM एवं NIELIT के सहयोग से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML), डेटा एनोटेशन यूजिंग पाइथन, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) तथा अन्य उभरती तकनीकों पर आधारित विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को भविष्य की तकनीकों से जोड़ना तथा उन्हें वैश्विक रोजगार बाजार के लिए तैयार करना है।
उन्होंने बताया कि संस्थान समय-समय पर ड्रोन टेक्नोलॉजी, मशरूम उत्पादन, उद्यमिता विकास, बेसिक कंप्यूटर शिक्षा तथा करियर उन्मुख कार्यशालाओं का आयोजन भी करता है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क AI आधारित करियर काउंसलिंग एवं साइकोमेट्रिक असेसमेंट की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे अपनी रुचि, क्षमता एवं व्यक्तित्व के अनुरूप सही करियर का चयन कर सकें।
उन्होंने बताया कि महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर को आधुनिक प्रयोगशालाओं, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब, डिजिटल शिक्षण सुविधाओं एवं उद्योग मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था से सुसज्जित किया गया है। संस्थान का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण प्रदान करना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
उन्होंने युवाओं एवं अभिभावकों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय पर प्रवेश लें और आधुनिक कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखें।


