
नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य जांच, निःशुल्क दवा वितरण और रक्त एवं युरिन परीक्षण के माध्यम से लोगों को किया गया लाभान्वित।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 4 जुलाई : नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा शनिवार को दो मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के माध्यम से थानेसर विधानसभा क्षेत्र स्थित ओपी जिन्दल पार्क में, 318 लोगों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गई। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने अपने घरों के नजदीक ही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया। आसपास के गांवों से पहुंचे लोगों ने भी स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
चिकित्सक डॉ. पूर्णमल और डॉ. प्रमोद ने बताया कि आज मरीजों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की गई तथा उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श दिया गया। इस दौरान रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य सामान्य बीमारियों की जांच की गई। इस अवसर पर 258 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं, जबकि 60 लोगों के रक्त और युरिन परीक्षण मौके पर ही किए गए।
सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट्स केवल उपचार तक सीमित नहीं हैं। इन युनिट के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। इन यूनिट्स के माध्यम से संतुलित आहार, स्वच्छता, नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य जागरूकता संबंधी महत्वपूर्ण संदेश भी गांव-गांव पहुंचाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल के निर्देशानुसार वर्तमान में दो मोबाइल मेडिकल यूनिट्स कुरुक्षेत्र जिले में और एक मोबाइल मेडिकल यूनिट कैथल जिले में सेवाएं दे रही है। इन प्रयासों से दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच मजबूत हुई है तथा बड़ी संख्या में लोगों को समय पर चिकित्सा सहायता मिल रही है।


