
थानेसर, संजीव कुमारी 11 अगस्त : हरियाणा कला परिषद द्वारा हरियाणा के पारम्परिक त्यौंहार तीज के उपलक्ष्य में आज 12 अगस्त को कला कीर्ति भवन, कुरुक्षेत्र के प्रांगण में भव्य तीज उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हरियाणवी लोक संस्कृति और परंपरा के अनूठे रंग में यह उत्सव शाम 6 बजे आयोजित किया जाएगा। हरियाणा कला परिषद के उपाध्यक्ष महेश जोशी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश की लोक कलाओं को सहेजने का यह एक अनूठा प्रयास है। हरियाणा कला परिषद का तीज उत्सव कुरुक्षेत्र वासियों के लिए बेहद खास होने वाला है क्योंकि परिषद द्वारा दर्शकों के लिए कला कीर्ति भवन में विशेष तौर पर पारंपरिक पींघ (झूले) डाले गए हैं और सावन के पारंपरिक व्यंजनों की भी विशेष व्यवस्था की गई है। उत्सव के दौरान दर्शकों को हरियाणवी लोक संगीत और नृत्य का संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में रोहतक से लीला सैनी, एल.के.एम. फाउंडेशन के कलाकारों द्वारा लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके अलावा भिवानी के सुभाष पपोसा अपने चिरपरिचित अंदाज में पारंपरिक लोकगीतों की तान छेड़ेंगे। इतना ही नहीं हरियाणा के वाद्य यंत्र बीन वादन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।


