
कुरुक्षेत्र जिला में तैनात ईआरवी दिन- रात गश्त कर आमजन को दे रही त्वरित सहायता।
जिला कुरुक्षेत्र में 26 ईआरवी गाड़ी व 10 ईआरवी मोटरसाईकिल तैनात हैं।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 29 अगस्त : हरियाणा पुलिस की डायल- 112 सेवा आमजन की सुरक्षा, सहायता और भरोसे का मजबूत माध्यम बनकर उभरी है। कुरुक्षेत्र जिला में तैनात डायल-112 की सभी ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल) टीमें दिन-रात लगातार गश्त कर “सेवा, सुरक्षा और सहयोग” के मूल मंत्र को साकार कर रही हैं। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति, सड़क दुर्घटना, झगड़ा- फसाद, महिलाओं की सुरक्षा, संदिग्ध गतिविधि, घरेलू विवाद, चिकित्सा सहायता या अन्य संकट की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर हालात को संभालने का कार्य कर रही हैं।
कुरुक्षेत्र पुलिस की डायल-112 ईआरवी न केवल आपातकालीन स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया देती हैं, बल्कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार गश्त कर लोगों में सुरक्षा का भाव भी मजबूत कर रही हैं। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तैनात ये टीमें हर समय सतर्क रहती हैं, ताकि किसी भी नागरिक को परेशानी की घड़ी में मदद के लिए अधिक इंतजार न करना पड़े। डायल-112 पर कॉल प्राप्त होते ही कंट्रोल रूम से संबंधित ईआरवी को सूचना दी जाती है और टीम तुरंत निर्धारित स्थान के लिए रवाना हो जाती है। कई मामलों में ईआरवी टीमों ने समय रहते मौके पर पहुंचकर झगड़ों को शांत कराया, सड़क हादसों में घायलों को अस्पताल पहुंचाया, महिलाओं और बुजुर्गों को सहायता देना तथा संदिग्ध हालात में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसके साथ-साथ प्रशासन द्बारा आयोजित विभिन्न परीक्षाओं में परीक्षार्थियों को सही समय पर परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन का कहना है कि डायल-112 केवल एक हेल्पलाइन नहीं, बल्कि जनता और पुलिस के बीच भरोसे की एक सशक्त कड़ी है। इस सेवा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का हर नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे और संकट की स्थिति में उसे तुरंत पुलिस सहायता मिल सके। यही कारण है कि डायल-112 की टीमें हर सूचना को गंभीरता से लेकर तेजी से कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति, दुर्घटना, झगड़े, महिला सुरक्षा, संदिग्ध व्यक्ति या अन्य संकट की स्थिति में तुरंत डायल 112 पर सूचना दें।
पुलिस अधीक्षक की अपील।
पुलिस अधीक्षक श्री चन्द्र मोहन ने कहा कि पुलिस एमरजैंसी सर्विस का हिस्सा है केवल जरुरतमंद लोग ही पुलिस की सेवाओं का लाभ लें। पुलिस की डायल-112 टीम तुरन्त कारवाई करती है यदि कोई व्यक्ति इन टीमों को बेमतलब की या झूठी सूचना में व्यस्त रखता है तो कोई आपराधिक किस्त का व्यक्ति इसका फायदा उठा सकता है। बेमतलब की सूचना से पुलिस का समय और ऊर्जा दोनों खराब होते हैं। डायल-112 पर सही और पुख्ता जानकारी ही दें। झूठी सूचना देने वाले की खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


