Breaking Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

खल्लारी मेला महोत्सव में पहुंचे उपमुख्यमंत्री अरुण साव, माता के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

ऐतिहासिक ,धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्य मार्ग से खल्लारी पहुंच मार्ग को किया जाएगा सुदृढ़

महासमुंद 04 अप्रैल 2026/ पाँच दिवसीय खल्लारी मेला महोत्सव के शुभ अवसर पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव शुक्रवार रात को खल्लारी पहुंचे। उन्होंने माँ खल्लारी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि खल्लारी धाम न केवल आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और लोकजीवन की आत्मा का प्रतीक भी है। उन्होंने खल्लारी के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह शक्ति पीठ सदियों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है, जहाँ दूर-दूर से लोग अपनी मनोकामनाएँ लेकर आते हैं और माता का आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। साथ ही सरकार शक्तिपीठ,धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के लिए भी प्रतिबद्ध है और लगातार विकास के कार्य कराए जा रहे हैं। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और सुदृढ़ बनेगी। उन्होंने नेशनल हाईवे से खल्लारी मंदिर पहुंच मार्ग लगभग 3 किमी का सुदृढ़ीकरण करने की घोषणा भी की।

उपमुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि खल्लारी धाम का इतिहास अत्यंत प्राचीन और गौरवशाली रहा है। पहाड़ और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच स्थित यह मंदिर शक्ति की उपासना का प्रमुख केंद्र है। यहाँ आयोजित मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह सामाजिक समरसता, लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का भी महत्वपूर्ण माध्यम है।

इस अवसर पर सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि खल्लारी मेला क्षेत्र की पहचान है और इसे और विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ मिल सकें।

छत्तीसगढ़ राज्य बीज निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि खल्लारी महोत्सव हमारी परंपरा और संस्कृति का जीवंत उदाहरण है, जिसे संरक्षित और संवर्धित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

पूर्व सांसद श्री चुन्नीलाल साहू ने कहा कि खल्लारी सभी धर्मों और जातियों के लोगों के लिए समरसता का केंद्र है, जहाँ सभी वर्ग के लोग एक साथ आकर श्रद्धा व्यक्त करते हैं।

जिला स्काउट गाइड संघ के अध्यक्ष श्री येतराम साहू ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को संस्कृति और सेवा की भावना से जोड़ने का कार्य करते हैं तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, अल्का चंद्राकर, स्मिता चंद्राकर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, खल्लारी मंदिर ट्रस्ट के सदस्य सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

ज्ञात है कि शुक्रवार से प्रारंभ हुआ पाँच दिवसीय खल्लारी मेला महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन पहुंचकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel