गीता महोत्सव में सतयुग दर्शन ट्रस्ट ने लगाया ध्यान कक्ष स्टॉल

कुरुक्षेत्र, संजीव कुमारी : अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में सतयुग दर्शन ट्रस्ट रजिस्टर्ड द्वारा ध्यान कक्ष स्टॉल लगाया गया है। ध्यान कक्ष का रविवार को शुभारंभ किया गया जोकि 5 दिसंबर तक चलेगा। ब्रह्मसरोवर परिसर के स्टॉल नंबर 606 पर मौजूद ट्रस्ट के सदस्य एचसी मुंजाल ने बताया कि इस ध्यान कक्ष से मानवों को नैतिक चारित्रिक मानवीय आदर्शों के अनुरूप पूर्ण आचरण व निष्काम कर्म करने के योग्य बनाया जाता है ताकि उनकी वृत्ति-स्मृति व बुद्धि निर्मल हो जाए और वे कर्म फल व तीनों तापों से आजाद रहे, अंत मोक्ष को प्राप्त कर अपना जीवन सार्थक बना सकें। ध्यान कक्ष में अध्यात्म बारे शिक्षा दी जा रही है। भौतिक तो सभी स्कूलों में जाकर सीख रहे है लेकिन आध्यात्मिक शिक्षा नहीं मिल पा रही है। उसी दिशा में सतयुग दर्शन ट्रस्ट ने पहल की है। सतयुग दर्शन ट्रस्ट वसुंधरा फरीदाबाद में ध्यान कक्ष में अध्यात्म की शिक्षा दी जा रही है। इसी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सतयुग दर्शन ट्रस्ट द्वारा महोत्सव में ध्यान कक्ष स्टॉल लगाया है। मुंजाल ने कहा कि जितना भौतिक ज्ञान जरूरी है, उतना ही अध्यात्म ज्ञान भी जरूरी है।
स्टॉल पर मौजूद ट्रस्ट के सदस्यगण।



