खेलो इंडिया गेम्स में गुरुकुल के ब्रह्मचारी का शानदार प्रदर्शन

मल्लखम्भ स्तूप-प्रदर्शन में देशभर में पाया तृतीय स्थान।
कुरुक्षेत्र (अमित) 9 जनवरी : गुरुकुल के एक ब्रह्मचारी ने खेला इंडिया गेम्स में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त कर गुरुकुल की ख्याति को बढ़ाया है। दमन-दीव में खेल एवं युवा कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित बीच गेम्स-2026 में गुरुकुल के ब्रह्मचारी वरूण शर्मा ने यह उपलब्धि हासिल की है जिसके लिए गुरुकुल के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार एवं प्राचार्य सूबे प्रताप सहित अन्य अधिकारियों ने वरूण को बधाई दी। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी वरूण की बड़ी उपलब्धि पर गुरुकुल परिवार को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। ब्रिगेडियर प्रवीण कुमार ने बताया कि खेलो इंडिया बीच गेम्स-2026 का आयोजन 5 से 10 जनवरी 2026 तक दमन-दीव के घोघला बीच में हो रहा है जिसके मल्लखम्भ-प्रदर्शन प्रतिस्पर्धा में हरियाणा की ओर से गुरुकुल के ब्रह्मचारी वरूण शर्मा ने भाग लिया। मल्लखम्भ में हरियाणा सहित मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, गुजरात और दमन-दीव एवं दादर नगर हवेली की टीमें शामिल हुईं। वरूण ने मल्लखम्भ के स्तूप- प्रदर्शन में तृतीय स्थान हासिल किया जिसके लिए आयोजन समिति ने उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया।
निदेशक प्रवीण कुमार ने कहा कि गुरुकुल में बच्चों के सर्वोंगीण विकास पर ‘फोकस’ रहता है, बच्चा पढ़ाई में तो अच्छा प्रदर्शन करें ही साथ ही वह शारीरिक रूप से भी स्वस्थ और मजबूत बने इसके लिए प्रत्येक छात्र को किसी न किसी गेम में शामिल किया जाता है ताकि वह प्ले ग्राउंड पर खूब पसीना बहाये। उन्होंने इस उपलब्धि पर मल्लखम्भ कोच अनिल आर्य को भी शुभकामनाएं दीं।




