Uncategorized

होली पर्व के दृष्टिगत सीएमओ द्वारा सीएचसी बरदह का औचक निरीक्षण, ड्यूटी रोस्टर के शत-प्रतिशत अनुपालन के निर्देश

होली पर्व के दृष्टिगत जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ० एन० आर० वर्मा द्वारा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरदह का औचक निरीक्षण किया । निरीक्षण का उद्देश्य चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, आपातकालीन सुविधाओं एवं ड्यूटी व्यवस्थाओं की समीक्षा करना रहा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा चिकित्सालय में 24 घंटे संचालित आपातकालीन सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता एवं उपचार व्यवस्था का अवलोकन किया गया। प्रभारी चिकित्सक मरीजों का उपचार करते हुए पाए गए तथा फार्मासिस्ट द्वारा मरीजों को दवाओं का वितरण व्यवस्थित रूप से किया जाता मिला। मुख्य चिकित्साधिकारी ने ओपीडी मरीजों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं एवं निःशुल्क दवा वितरण व्यवस्था की जानकारी भी प्राप्त की।
अस्पताल परिसर में अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। हालांकि निरीक्षण के दौरान कुछ चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कार्मिकों से कार्यालय खुलने के पश्चात तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपद के समस्त अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि होली पर्व के दृष्टिगत जिन चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष ड्यूटी निर्धारित की गई है, वे सभी अपने तैनाती स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी अधीक्षक/प्रभारी द्वारा तैयार कर जिलाधिकारी को प्रेषित ड्यूटी रोस्टर में किसी प्रकार की कोताही अथवा शिथिलता न होने पाए तथा उसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के दौरान समस्त चिकित्सालयों में 24×7 स्वास्थ्य सेवाएं क्रियाशील रहेंगी तथा स्वच्छता, आपातकालीन उपचार एवं मानव संसाधन की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध प्रशासनिक एवं वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद के सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस प्रकार के औचक निरीक्षण मैं आगे भी निरंतर करता रहूँगा ।

(डाॅ एन आर वर्मा)
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel