
जीवन में घटित कुछ बातों को भूल जाने में ही भलाई है : महामंडलेश्वर स्वामी विद्यागिरि महाराज
सेंट्रल डेस्क संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 9416191877
दिल्ली, 26 अप्रैल : प्राचीन लक्ष्मीनारायण मन्दिर गीता कालोनी सहित अनेक राज्यों में स्थापित मठ मन्दिर आश्रमों की परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी 1008 विद्यागिरि जी महाराज ने बताया कि जीवन में सुख-दुःख का चक्र चलता रहता है। कुछ लोग ऐसे होते हैं जो बड़ी से बड़ी विपदा को भी हँसकर झेल जाते हैं। कुछ लोग ऐसे होते हैं जो एक दुःख से ही इतने टूट जाते हैं कि पूरे जीवन उस दुःख से मुक्त नहीं हो पाते हैं और हमेशा अपने दुःख को सीने से लगाये घूमते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि जबकि हकीकत यह है कि जो बीत गया सो बीत गया। जो चला गया, अब उसमे तो कुछ नहीं किया जा सकता पर इतना जरूर है कि उसे भुलाकर अपने भविष्य को एक नई दिशा के बारे में तो सोचा ही जा सकता है।
हम बच्चों को बहुत सारी बातें सिखाते हैं मगर उनसे कुछ भी नहीं सीखते। बच्चों से चीजों को भूलने की कला हमको सीखनी चाहिए। स्वामी जी ने बताया कि हम बच्चों पर गुस्सा करते हैं, उन्हें डांटते भी है लेकिन बच्चे थोड़ी देर बाद उस बुरे अनुभव को भूल जाते हैं। उनके जेहन में दूर-दूर तक हमें कहीं भी नाराजगी दिखाई नहीं पड़ेगी। कुछ बातों को भूल जाने में ही भलाई है।


