
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
संवाददाता – धर्मचंद वर्मा स्वर्णकार दूरभाष – 9996057972
युवा शक्ति के दम पर समाज को मिलेगी नई दिशा, शिक्षा-रोजगार व संगठन विस्तार पर रहेगा विशेष फोकस : सोनी।
हिसार/ऐलनाबाद 16 मई : समस्त भारतीय स्वर्णकार परिवार (राष्ट्रीय) ने संगठन को मजबूत करने और युवा शक्ति को नेतृत्व में आगे लाने के उद्देश्य से एक बड़ा निर्णय लेते हुए समाजसेवी युवा नेता हेमंत कुमार सोनी (पुत्र स्व. डॉ. छत्रपाल सोनी, हिसार) को हरियाणा युवा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है।
यह महत्वपूर्ण नियुक्ति संगठन के मुख्यालय ऐलनाबाद (हरियाणा) से राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जगजीवन राम सोनी, राष्ट्रीय संरक्षक सुधीर कुमार सोनी, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष श्रीमती नीलम सोनी सहित समस्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों की सर्वसम्मति से की गई।
हेमंत कुमार सोनी लंबे समय से समाज सेवा, युवा जागरूकता, शिक्षा प्रोत्साहन एवं सामाजिक एकता के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते आ रहे हैं। उनकी संगठन क्षमता और समाज के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए हेमंत कुमार सोनी ने कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाते हुए हरियाणा के युवाओं को एक मंच पर जोड़ेंगे। उन्होंने कहा, “युवा शक्ति ही समाज की असली ताकत है। समस्त भारतीय स्वर्णकार परिवार के माध्यम से पहली बार युवाओं को संगठित कर समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य किया जाएगा।”
उन्होंने आगे बताया कि उनके नेतृत्व में शिक्षा, रोजगार, नशा मुक्ति अभियान, सामाजिक एकता, महिला सशक्तिकरण और संगठन विस्तार जैसे विषयों पर विशेष रूप से कार्य किया जाएगा, ताकि समाज का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
इस नियुक्ति के बाद हरियाणा सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्वर्णकार समाज में खुशी की लहर दौड़ गई है। समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने इसे ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि हेमंत कुमार सोनी के नेतृत्व में युवा शक्ति नई ऊर्जा और नई उड़ान के साथ समाज को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएगी।
अंत में सभी पदाधिकारियों ने हेमंत कुमार सोनी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपने कार्यकाल में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


