
दीक्षांत समारोह की संभावित तिथि आते ही कुलपति ने किया टीम का गठन,
कुलसचिव के निर्देशन में स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे विवि परिवार के सभी सदस्य,
आजमगढ़। लोक भवन लखनऊ से महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ के वार्षिक दीक्षांत समारोह की अगस्त की संभावित तिथि आते ही कुलपति प्रोफेसर संजीव कुमार ने विभिन्न समितियां हेतु प्राथमिक तैयारियों को गति देने के लिए अनौपचारिक रूप से संभावित टीम का गठन कर जिम्मेदारियां सौंप दी है।
विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि श्री राज्यपाल जी के कार्यालय से विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की संभावित तिथि का संकेत मिलते ही कुलपति प्रो. संजीव कुमार जी ने परिसर में स्थित शैक्षिक भवन एक के मीटिंग हॉल में बैठक बुलाकर अनौपचारिक रूप से समितियां का गठन करके सभी वरिष्ठ प्रोफेसरों एवं प्राध्यापकों के संयोजकत्व में दायित्वों का बँटवारा करना शुरू कर दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि दीक्षांत समारोह में किसी प्रकार की उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी। सभी समितियां आपस में तालमेल बैठाकर अपना शत- प्रतिशत देने का प्रयास करें, बावजूद इसके यदि कोई विसंगति प्रतीत होती है तो आप सभी सीधे मुझसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दीक्षोत्सव पिछली परिपाटी की तरह यथाशीघ्र शुरू कर दें।
जहां तक दीक्षांत समारोह का प्रश्न है विगत वर्ष से अधिक एक्टिविटी करने का निर्देश लोक भवन से प्राप्त हुआ है। इसमें परंपरागत खेल प्रतियोगिता, काव्य लेखन, स्थानीय लोक नृत्य आदि के साथ-साथ अन्य स्थानीय एक्टिविटी को शामिल करने का निर्देश प्राप्त हुआ है। अच्छे कार्य और दायित्व निर्वहन करने वाले प्राध्यापकों के लिए लोक भवन से एक खुशखबरी प्राप्त हुई है, महाविद्यालयों से तीन एवं विश्वविद्यालय परिसर से एक प्राध्यापक उत्कृष्ट दायित्व निर्वहन के लिए सम्मानित किया जाएगा। महामहिम के इस निर्णय को सभी ने समवेत स्वर में सराहा। इसके चयन हेतु कुलपति जी ने प्रो. जय सिंह को दायित्व सौंपा। गोद लिए हुए गांवों की शैक्षणिक प्रगति का भी लेखा जोखा कुलपति जी के माध्यम से कुलाधिपति महोदया के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। जिसमें देशभक्ति गीत, स्थानीय नृत्य अधिकतम 15 बच्चों द्वारा महामहिम के सामने मंच के बगल में प्रस्तुति दी जाएगी, प्रो.जगदंबा दुबे इस दायित्व का निर्वहन करेंगे। लोक भवन ने एक नया आकर्षक प्रयोग करते हुए मेरी मां विषय पर भाषण, निबंध और काव्य प्रतियोगिता का भी आयोजन आने का निर्देश दिया है। कुलपति जी ने कहा कि प्रो. सुचिता श्रीवास्तव व उनकी पूरी टीम इस प्रतियोगिता को सुचारू रूप से संचालित करेगी। प्रदेश से बाहर का शैक्षणिक भ्रमण का दायित्व विगत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी प्रो. अजित राय सौंपा गया है। लोक भवन कार्यालय ने जो निबंध प्रतियोगिता का विषय निश्चित किया है उसमें भारत विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था कैसे बना? उत्तर प्रदेश सरकार के दो अच्छे कार्य? जिससे आप प्रभावित हुए? आदि का दायित्व प्रो. बंदना पांडे को दिया गया। कक्षा 9 से 12 के छात्रों को निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता में अपने ही ग्राम के एक ऐसे खूबसूरत इंसान जिसने समाज के विकास में, राज्य के विकास में, क्षेत्र के विकास में, नई पीढ़ी के व्यक्तित्व के विकास में ,अपना योगदान दिया हो उस पर प्रतियोगिता आयोजित करके ग्रामीण अंचल की ऊर्जा को राष्ट्रीय फलक पर पहचान देने हेतु प्रत्यक्ष रूप से उन्हें सम्मानित करने का एक बेहतर प्रयास बताया। कुलपति जी ने कहा कि महामहिम द्वारा अबकी बार के दीक्षांत समारोह में स्वच्छता अभियान, निबंध प्रतियोगिता में मेरी मां, ग्रामीण अंचल से उच्च व्यक्तित्व पर निबंध प्रतियोगिता, तथा अच्छे प्राध्यापकों को सम्मानित करना निश्चय ही दबी प्रतिभाओं को मुकम्मल मुकाम देना है।
मीटिंग हॉल में जिन अन्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति थी, उसमें परीक्षा नियंत्रक आनंद कुमार, सहायक कुलसचिव डॉ. महेश कुमार, प्रो. अशहद अहमद, डॉ. प्रवेश सिंह, डॉ. देवेंद्र पांडे, डॉ. आशुतोष आदि के साथ-साथ विश्वविद्यालय परिसर के प्राध्यापकगण, एवं कुलपति जी के निजी सहायक भूपेंद्र पांडे उपस्थित थे ।
डॉ. प्रवेश सिंह मीडिया प्रभारी महाराजा सुहेलदेव विवि आजमगढ़ मो.नं. 94524 5878

