
एंटी लार्वा छिड़काव, नालियों की सफाई और जनजागरूकता पर दिया गया जोर
आजमगढ़। शासन के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 30 जुलाई तक संचालित संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत विकासखंड पल्हनी की सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामीण सफाई कर्मचारियों द्वारा व्यापक साफ-सफाई अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को राजस्व ग्राम चकगोरिया में ग्राम प्रधान की देखरेख में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एंटी लार्वा दवा एवं एम-71 का छिड़काव किया गया, साथ ही नालियों की सफाई कर कचरा हटाया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए बताया गया कि बरसात के मौसम में फैलने वाले मलेरिया, डेंगू तथा अन्य संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए साफ-सफाई अत्यंत आवश्यक है।
अभियान में लोगों को घरों और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव न होने देने, नियमित सफाई रखने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ जाता है, ऐसे में स्वच्छता ही बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
अभियान के दौरान ग्रामीणों ने भी स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया और “हम सब ने ठाना है, स्वच्छ भारत बनाना है” का संदेश दिया।
इस अवसर पर गुलाब चौरसिया, अभय चौहान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


